भिवानी। जिले की आबोहवा में प्रदूषण का स्तर लगातार ऊपर-नीचे हो रहा है। शनिवार दोपहर बाद 308 एक्यूआई दर्ज किया गया। प्रदूषण का स्तर कम करने के लिए शहर की सड़कों पर सुबह दमकल गाड़ी से पानी का छिड़काव कराया। वहीं फोरगन मशीनों से भी पानी का छिड़काव करवाया। हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ने से हल्की स्मॉग भी छाई रही। जिले में ग्रैप-चार की पाबंदियां लागू हैं और इन पाबंदियों के चलते जिले में खनन, माइनिंग, परियोजनाओं के निर्माण कार्य बंद पड़े हैं।
सप्ताह भर से जिले में हवा का प्रदूषण लगातार घट-बढ़ रहा है। सुबह से ही दमकल की गाड़ियों के जरिए शहर की मुख्य सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है वहीं फोरगन मशीनों के जरिए मुख्य जगहों पर पानी का छिड़काव कराया गया। शनिवार को हर दो घंटे में प्रदूषण का स्तर बढ़ता रहा। हालांकि ग्रैप चार के चलते स्कूलों में बच्चों की छुट्टियों की घोषणा की हुई है। जबकि जिले में रेत ढुलाई के वाहनों पर भी पाबंदी लगी है। कूड़ा निस्तारण पर भी कई तरह के मानकों का ध्यान रखने की सख्त हिदायतें जारी हो चुकी हैं।
निर्माण के बाद सड़कों पर छोड़ा रेत, धूल उड़ने से उखड़ रहा दम
पीडब्ल्यूडी विभाग ने हाल ही में महम रोड का निर्माण कराया है। आरसीसी की बनी इस सड़क पर रेत डलवाई गई थी, जिसे अब पूरी तरह से नहीं हटाया गया है। इस वजह से वाहनों के आवागमन से ये धूल उड़ रही है, जिससे लोगों का दम भी उखड़ रहा है। हालांकि प्रशासन हांसी रोड, सरकुलर रोड, रोहतक रोड क्षेत्र में पानी का छिड़काव करा रहा है। मगर महम रोड पर न तो पानी का छिड़काव हो रहा है न ही मिट्टी की सफाई ठीक से कराई गई है। ऐसे में वाहनों के साथ ही हवा में धूल कण भी उड़ रहे हैं।
वाहनों से भी बढ़ रहा है हवा में प्रदूषण
भिवानी शहर में करीब सवा लाख से अधिक वाहन सड़कों पर चल रहे हैं। जिनकी वजह से हवा में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। हालांकि शहर में ऑटो रिक्शा कम हुई है जिसकी जगह ई-रिक्शा का चलन बढ़ा है। शहर में करीब साढ़े तीन हजार से अधिक ई-रिक्शा सड़कों पर आ चुकी हैं। लेकिन गाड़ियों की संख्या भी लगातार बढ़ी है।
प्रशासन की पाबंदी के बावजूद जल रहा है कूड़ा
शहर में कई जगहों पर अब भी सूखे कूड़े को दुकानदार या फिर सफाई कर्मचारी ही आग लगा रहे हैं। जबकि जिला प्रशासन संबंधित अधिकारियों को हवा में बढ़े प्रदूषण के मद्देनजर ग्रैप चार की पाबंदियों को सख्ती से लागू कराने के आदेश दे चुके हैं। वहीं माइनिंग और क्रशर जोन पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। हालांकि ईंट-भट्ठे और कई उद्योग भी बंद पड़े हैं।
ये रही शनिवार को हर घंटे एक्यूआई की स्थिति
सुबह पांच बजे- 314
छह बजे- 316
सात बजे- 319
आठ बजे- 323
नौ बजे- 328
10 बजे- 331
11 बजे- 331
12 बजे- 319
दोपहर एक बजे- 312
दो बजे- 308
तीन बजे- 299
चार बजे- 294
पांच बजे- 284
छह बजे- 275
ये रही सप्ताह भर जिले में एक्यूआई की स्थिति
17 नवंबर- 415
18 नवंबर- 429
19 नवंबर- 241
20 नवंबर- 206
21 नवंबर- 265
22 नवंबर- 299
23 नवंबर- 308