मटके में लगे टोंटी के फायदे बताती महिला सरोज। संवाद न्यूज एजेंसी।
- फोटो : Bhiwani
कोरोना संक्रमण की वजह से सामुदायिक दूरी का फार्मूला हर किसी के लिए बचाव का एकमात्र जरिया है। घर के अंदर भी इस फार्मूले को कायम रखा जाए, इसी के लिए इन दिनों बाजार में गरीब का फ्रिज कहलाने वाला मिट्टी का मटका नए लुक में फुटपाथ पर सज चुका है जो लोगों को खूब भा रहा है।
शहर के सरकुलर रोड दादरी गेट क्षेत्र में सड़क किनारे फुटपाथ पर टोंटी लगे मटके इन दिनों लोगों के मन भी खूब लुभा रहे हैं। लोग भी इन्हें खरीद रहे हैं। क्योंकि इन मटकों के अंदर पानी की शीतलता के साथ हाथ डुबोने की जरूरत नहीं बल्कि टोंटी से ही सुरक्षित तरीके से पानी लेकर पी सकते हैं। फुटपाथ पर मटकों की बिक्री करने वाली महिला सरोज ने बताया कि वे भट्टू कलां या फिर बवानीखेड़ा क्षेत्र से मिट्टी के मटके खरीदकर लाते हैं। इन मटकों को यहां नहीं बनाया जाता। सामान्य मटके लाने के बाद ही यहां पर इनके अंदर टोंटी छलगाई जाती है। सामान्य तौर पर एक मटके की कीमत सौ रुपये है, लेकिन टोंटी लगा मटका डेढ़ सौ रुपये तक बिक रहा है। ज्यादातर लोग टोंटी लगे मटके खरीद रहे हैं।
वहीं विशेषज्ञों का भी कहना है कि फ्रिज या फिर अधिक ठंडा पानी गले के संक्रमण व खांसी जुकाम की वजह बन सकता है। इसलिए मिट्टी के मटके का शीतल पानी ही इस तरह के संक्रमण से बचाव कर सकता है।