भिवानी। शहर के वीरवान पाना क्षेत्र में किराये के मकान में रहने वाली 30 वर्षीय विवाहिता ने फंदा लगाकर खुदकुशी का मामला सामने आया है। घटना बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे की है। मृतका के शव का वीरवार सुबह शहर थाना पुलिस ने जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया वहीं मृतका के भाई की शिकायत पर आरोपी पति, सास, दो ननद, देवर और देवरानी पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वीरवान पाना में किराये पर रहने वाली 30 वर्षीय सोनू की करीब 12 साल पहले जोनी से शादी हुई थी। जोनी औद्योगिक क्षेत्र की एक सर्जिकल आइटम बनाने वाली फैक्टरी में काम करता है। उसकी दस साल की एक बेटी भी है। मृतका के भाई दादरी निवासी विशेष ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को ससुराल वाले प्रताड़ित करते थे। इसी के चलते उसकी बहन ने ये कदम उठाया है।
वहीं जैन पुलिस चौकी के इंचार्ज मनीष वालिया ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक विवाहिता ने फंदा लगाकर खुदकुशी की है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर क्राइम आफ सीन टीम को बुलाया। शव का वीरवार सुबह जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतका के भाई विशेष की शिकायत पर आरोपी पति जोनी, सास, दो ननंद, देवर और देवरानी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।