फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: लाडावास में निर्विरोध सरपंच बने मंजीत कुमार, अमीनपुर में दो पंच पद फिर रहे रिक्त

विज्ञापन
मंजीत कुमार को लाडावास गांव के सरपंच पद के लिए निर्वाचन पत्र सौंपते अधिकारी।
विज्ञापन
बहल। बहल क्षेत्र के गांव लाडावास में सरपंच पद के उपचुनाव में मंजीत कुमार निर्विरोध सरपंच निर्वाचित घोषित किए गए। गांव से सरपंच पद के लिए केवल मंजीत कुमार का ही नामांकन प्राप्त हुआ था। रविवार को निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र सौंपा।
विज्ञापन

दरअसल पिछले पंचायत चुनाव में गांव लाडावास से ओमप्रकाश सरपंच निर्वाचित हुए थे लेकिन 25 अगस्त 2025 को उनकी आकस्मिक मौत हो गई थी। इसके बाद गांव में सरपंच का पद रिक्त हो गया था। उपचुनाव से पहले ग्रामीणों के बीच दिवंगत सरपंच ओमप्रकाश के पुत्र मंजीत कुमार को सरपंच पद के लिए चुनने पर सहमति बन गई थी।
यही वजह रही कि प्रशासन को सरपंच पद के लिए केवल मंजीत कुमार का ही नामांकन प्राप्त हुआ। गांव के युवा राममेहर ने बताया कि लाडावास गांव बहल खंड की सबसे छोटी पंचायत है जहां कुल 295 मतदाता हैं।
विज्ञापन


नामांकन नहीं आने के कारण अमीनपुर में पंचों के दो पद रहे रिक्त
प्रदेश में पंचायतों के रिक्त पदों के लिए हुए उपचुनाव के तहत बहल क्षेत्र की अमीनपुर पंचायत में दो पंच पद एक बार फिर रिक्त रह गए। दोनों पदों पर अलग-अलग कारणों से नामांकन नहीं हो सका। ऐसे में छह पंचों वाली पंचायत अब भी केवल चार पंचों के सहारे ही संचालित होगी। दरअसल पिछले पंचायत चुनाव में अमीनपुर पहली बार अलग पंचायत बनी थी और 342 मतदाताओं ने अपनी पंचायत के लिए मतदान किया था। गांव में कुल छह वार्ड बनाए गए थे जिनमें वार्ड नंबर छह बीसीए श्रेणी के लिए आरक्षित था। नामांकन प्रक्रिया के दौरान इस वार्ड के लिए किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया क्योंकि गांव में बीसीए वर्ग का कोई व्यक्ति नहीं मिला। इसी कारण यह वार्ड बिना चुनाव के ही रिक्त रह गया।
आम चुनाव के बाद उपचुनाव की प्रक्रिया में भी यही स्थिति बनी रही और चुनाव नहीं हो सका। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस वार्ड को आरक्षित से अनारक्षित करने की मांग भी की थी लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद वार्ड को आरक्षित ही रखा गया। रविवार को हुए चुनाव में किसी उम्मीदवार का नामांकन नहीं आने के कारण गांव में पोलिंग पार्टी तक नहीं पहुंची।

वार्ड नंबर तीन से पंच बने अशोक कुमार के सरकारी सेवा में चयनित होने से हुआ पद रिक्त
पंचायत चुनाव में अमीनपुर गांव के वार्ड नंबर तीन से अशोक कुमार पंच निर्वाचित हुए थे लेकिन बाद में उनका चयन सरकारी सेवा में हो गया और उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि चुनाव आयोग के नियमानुसार उन्हें एक शपथ पत्र जमा कराना था जो उन्होंने नहीं दिया। इसी कारण चुनाव आयोग के पोर्टल पर वार्ड नंबर तीन का पद रिक्त नहीं दिखाया गया और इस वजह से इस पद पर भी किसी का नामांकन नहीं हो सका। गांव के पूर्व प्राचार्य विजय सिंह ने कहा कि प्रशासन गांव के लोगों की मांग के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को चाहिए कि इन दोनों कमियों को आगामी पंचायत चुनाव से पहले दूर कर उपचुनाव के माध्यम से पंचायत को पूर्ण किया जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें