भिवानी की सिटी स्टेशन मार्ग स्थित स्वामी धर्मशाला में मनीषा मौत मामले को लेकर बैठक में शामिल क
भिवानी। मनीषा मौत मामले में शव मिलने से पहले के 18 घंटे का रहस्य अब भी बरकरार है। एम्स दिल्ली की तीसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की आशंका खारिज कर हत्या की ओर इशारा किए जाने के बाद सीबीआई जांच पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बुधवार को सिटी स्टेशन स्थित स्वामी धर्मशाला में किसान संगठनों और बैरागी समाज की बैठक हुई। इसमें मनीषा के पिता संजय भी शामिल हुए। किसान नेता सुरेश कोथ ने कहा कि पुलिस और सीबीआई की जांच से हरियाणा प्रदेश संतुष्ट नहीं था। जांच में कई अहम पहलुओं को नजरअंदाज किया गया।
मनीषा की मौत से पहले के 18 घंटे वह कहां रही, इसका जवाब आज तक नहीं मिला। भिवानी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई थी। इसके बावजूद परिजनों की अनुमति या मांग के बिना पुलिस ने रोहतक पीजीआई में शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया।
कोथ ने कहा कि एम्स दिल्ली में हुए तीसरे पोस्टमार्टम में आत्महत्या की आशंका को खारिज कर हत्या की ओर इशारा किया गया। पुलिस और सीबीआई मौत का कारण जहरीला पदार्थ खाना बता रही हैं जबकि पोस्टमार्टम में इसकी पुष्टि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश और छत्तीस बिरादरी संजय के साथ है। जरूरत पड़ी तो मनीषा को न्याय दिलाने के लिए दोबारा सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।
भिवानी पुलिस की चलती तो संजय आज अंदर होता : कोथ
सुरेश कोथ ने आरोप लगाया कि लोहारू पुलिस मामले के असल आरोपियों को बचाने के लिए मनीषा के पिता संजय और उसके भाई को ही दोषी साबित करने में जुटी रही। पुलिस की चलती तो संजय आज जेल में होता। उन्होंने उत्तर प्रदेश के इसी तरह के एक मामले का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां आंदोलन के बाद पुलिस ने असल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की थी।