भिवानी। हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने जिले के ढाणी लक्ष्मण की शिक्षिका मनीषा के संदिग्ध हालत में शव मिलने व इसको लेकर हुए आंदोलन के मामले में वीरवार सुबह एसपी कार्यालय के कांफ्रेंस हॉल में पत्रकारों से बातचीत कर कुछ सवालों के जवाब दिए। डीजीपी ने कहा कि अब यह मामला सीबीआई को दे दिया गया है। अब जांच का आगे का कार्य सीबीआई करेगी। इसको लेकर राज्य सरकार व केंद्र सरकार नोटिफिकेशन जारी करेगी। इस केस से संबंधित सभी तथ्य और सबूत सीबीआई को उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।
उन्होंने मनीषा को लेकर कहा कि हमने युवा बेटी को खो दिया है। वे दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े है। परिवार की मांग व आमजन की भावना पर इस मामले में तीसरी बार दिल्ली एम्स से पोस्टमार्टम भी करवा दिया है। जिसकी रिपोर्ट जल्द आ जाएगी। इससे पहले दो बार पोस्टमार्टम भिवानी व रोहतक पीजीआई में करवाए गए हैं। अंतर राष्ट्रीय स्तर के मापदंडों को अपनाते हुए पोस्टमार्टम करवाया गया है। जिसमें फोरेंसिक एक्सपर्ट की मदद भी ली गई है। उन्होंने साफ किया कि उन्हें वैज्ञानिकों व डॉक्टरों की निष्ठा पर कोई प्रश्न चिह्न नहीं है, बल्कि परिवार की मांग तथा राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के चलते सीबीआई को यह केस सौंपा गया है।
डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने इस घटनाक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि मनीषा 11 अगस्त को प्रतिदिन की तरह डेढ़ बजे जिस बस से आती थी, उसने उस बस के चालक को फोन कर बता दिया था कि वह नहीं जाएगी। जिसके बाद मनीषा के बाजार में कीटनाशक दुकान से कीटनाशक खरीदने के साक्ष्य पाए गए। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी उसे देखा गया तथा इस संबंध में जिस दुकानदार से कीटनाशक खरीदा है, उसके बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं। उसके बाद सीसीटीवी के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। 13 अगस्त को मनीषा के शव को सबसे पहले खेत मालिक द्वारा काम पर लगाए गए नौकर ने देखा था, उसने देखा कि कुछ अक्रामक कुत्तों का एक झुंड इस शव को नोच रहा था। खेत मालिक के काम पर रखे लड़के ने एक अन्य व्यक्ति की मदद से कुत्तों के इस झुंड को शव से दूर किया, जिसके बाद पुलिस को बुलाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई गई। प्रथम दृष्टि में पुलिस को भी जिस प्रकार से शव की स्थिति थी, उसको देखकर हत्या का मामला लगा था।
डीजीपी ने ये दी सुसाइड नोट और मौत पर दलील
डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए बताया कि इस संबंध में जो सुसाइड नोट मिला था, उसके सही होने व तथ्यों की जांच में समय लगा तथा एक्सपर्ट की मदद ली गई। हालांकि किसी भी बेटी के व्यक्तिगत मामलों को प्रथम दिन ही साक्ष्यों को जांचे बगैर सार्वजनिक करना उचित नहीं होता। इसीलिए सुसाइड नोट की सत्यता सही पाए जाने पर ही यह बाहर आया है। लावारिस पशु जहर खाए हुए शव को नोंचने का कार्य अक्सर कम ही करते हैं, इस प्रश्र के जवाब में उन्होंने बताया कि जब भी शरीर में जहर जाता है तो जहर शरीर के अंदरुनी हिस्सों में फैलता है। त्वचा व गर्दन जैसी बाहरी अंगों में सबसे बाद में पहुंचता है, इसलिए कुत्तों ने इन अंगों को नोंचा है।
सोशल मीडिया पर अराजकता फैलाने वालों पर की कार्रवाई
डीजीपी ने इस घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया के नाम पर लोगों को भ्रमित करने वाले तथाकथित कैमरे से वीडियो बनाने वाले लोगों को आगाह किया कि सुर्खियां बटोरने के लिए शरारती तत्व इस प्रकार के माहौल में गलत तथ्यों को पेश करने का प्रयास करते हैं। ऐसे लोगों को चिह्नित करके उन पर कार्रवाई भी की गई है। इसके साथ ही कुछ और भी ऐसे यूट्यूबर व वीडियो बनाने वाले लोगों को चिह्नित किया जा रहा है, जिन्होंने इस सारे मामले में भ्रम फैलाया है। ऐसे लोगों के चलते लोकतंत्र पर प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं। ऐसे यू ट्यूबरों को प्रदेश स्तर पर हरियाणा पुलिस द्वारा चिह्नित करने का कार्य किया जा रहा है। जो भी बड़े आंदोलन या घटनाक्रम होते हैं, उनमें ऐसे लोग पहुंचकर सुर्खियां बटोरने व अपने आप को प्रसिद्ध करने के उद्देश्य से लोकतंत्र पर प्रश्न चिह्न लगाने का कार्य करते हैं। उन पर अब कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस को मिले थे मौके से टूटे फोन के कुछ अंश, नहीं रिकवर हुआ डॉटा
पुलिस को 13 अगस्त को मनीषा के शव के पास से उसका पर्स व जूती और दुपट्टा के अलावा कुछ डिब्बे मिले थे। जिनकी फाॅरेंसिक जांच कराई गई है। वहीं पुलिस को टूटे हुए मोबाइल के कुछ अंश भी मिले थे। जिससे अभी तक कोई डाटा रिकवर नहीं हुआ है। पुलिस को जिस नहर के पास शव बरामद हुआ था। उस नहर का पानी बंद कराकर भी जांच की थी।
कुछ टेस्ट की रिपोर्ट आना अभी बाकी
शत्रुजीत कपूर ने बताया कि मनीषा मौत मामले में एफएसएल रिपोर्ट आ चुकी है। जिसमें पहले और दूसरे पोस्टमार्टम की रिपोर्ट पर चिकित्सकों के बोर्ड ने अपनी ओपिनियन दी है। अब तीसरा पोस्टमार्टम एम्स दिल्ली में कराया गया है। इसके अलावा मनीषा की कुछ टेस्ट रिपोर्ट आना अभी बाकी है। पुलिस ने अब तक जो भी जांच की है वह वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित है।
प्रेम प्रसंग के एंगल पर साधी चुप्पी
शत्रुजीत कपूर ने मनीषा की मौत मामले में प्रेम प्रसंग के एंगल पर चुप्पी साध ली। उन्होंने बस इतना ही कहा कि इस मामले में अब सीबीआई जांच करेगी। हरियाणा पुलिस की जांच में अभी तक ऐसा कुछ नहीं है। ऑनर किलिंग एंगल के सवाल पर भी डीजीपी कुछ नहीं बोले।
लाॅरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी पर डीजीपी ने की अपील
डीजीपी से मनीषा मौत मामले में सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी के बारे में पूछे सवाल का जवाब देते हुए बताया कि मैं किसी भी गैंग का नाम लेना पसंद नहीं करता और मीडिया से भी अपील करता हूं कि वो इस तरह के अपराधियों को ज्यादा बढ़ावा न दें। अगर मीडिया इनको बढ़ावा नहीं देगी तो इनकी 80 फीसदी गतिविधि ही बंद हो जाएंगी।