ढिगावामंडी (भिवानी)। बहुचर्चित मनीषा मौत मामले में वीरवार को पंचकूला स्थित विशेष सीबीआई कोर्ट में सुनवाई हुई। मामले में सीबीआई की ओर से दाखिल क्लोजर रिपोर्ट की प्रति और संबंधित दस्तावेज इस बार भी परिजनों को नहीं मिल सके। मनीषा के पिता संजय कुमार स्वयं कोर्ट पहुंचे लेकिन अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 7 सितंबर तय कर दी।
मनीषा का शव 13 अगस्त 2025 को सिंघानी नहर के पास खेत में मिला था। मामले की जांच 3 सितंबर से सीबीआई कर रही थी। सीबीआई ने 12 अगस्त 2026 को अदालत में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर मनीषा की मौत को आत्महत्या बताया था।
मनीषा के पिता संजय कुमार ने जांच पर सवाल उठाते हुए रिपोर्ट से असंतुष्टि जताई है। उनका कहना है कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती, उसकी हत्या हुई है।
परिजनों के अनुसार 27 अगस्त की सुनवाई में क्लोजर रिपोर्ट से संबंधित दस्तावेज मिलने की उम्मीद थी लेकिन सुनवाई की तारीख बढ़ाकर 7 सितंबर कर दी गई। परिवार का कहना है कि अब 7 सितंबर को होने वाली सुनवाई और दस्तावेज मिलने के बाद ही आगे की कानूनी रणनीति तय की जाएगी।