भिवानी। तोशाम क्षेत्र के गांव छपार रांगडान के समीप ट्रक और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। सड़क हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। गंभीर रूप से घायल बाप बेटी को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। वहीं बेटी की हालत गंभीर होने पर उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। लेकिन परिजन उसे हिसार के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
तोशाम क्षेत्र के गांव ढाणी दरियापुर निवासी जिले सिंह (45) अपनी बेटी के साथ बाइक पर किसी कार्य से तोशाम जा रहा था। गांव छपार रांगडान के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से बाइक की टक्कर हो गई। इसमें बाप-बेटी मंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को राहगीरों की मदद से तत्काल जिला नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने जिले सिंह को मृत घोषित कर दिया जबकि उसकी बेटी की गंभीर हालत होने पर रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
परिजनों ने लड़की को हिसार के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया है। तोशाम पुलिस थाना के जांच अधिकारी एएसआई राममेहर ने बताया कि शव का जिला नागरिक अस्पताल में शाम को पोस्टमार्टम कराया वहीं मृतक के भाई दिनेश कुमार की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। संवाद