जूई। गांव लोहानी निवासी 43 वर्षीय सुखपाल की खेत के पास अचेत अवस्था में मिलने के बाद मौत हो गई। सूचना मिलने पर जूई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार गांव लोहानी निवासी सुखपाल शनिवार सुबह करीब 10 बजे घर से खेत पर गया था। खेत के पास ही शराब का ठेका है।
शाम करीब पांच बजे वह खेत के नजदीक अचेत अवस्था में पड़ा मिला। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी जिसके बाद जूई थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सूचना मिलने पर जूई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुखपाल को तुरंत उपचार के लिए नागरिक अस्पताल भिवानी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि मृतक सुखपाल विवाहित था और अपने पीछे एक पुत्र तथा एक पुत्री छोड़ गया है। उन्होंने बताया कि मृतक के भाई पंकज के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की गई है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।