बहल (भिवानी)। झुप्पा कलां बस स्टॉप पर मंगलवार शाम करीब सात बजे सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बहल ढाणी निवासी 42 वर्षीय सोमबीर की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल सोमबीर को सिवानी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार ढाणी धीरजा निवासी सुभाष अपने रिश्तेदार सोमबीर के साथ पिकअप गाड़ी में झुप्पा आया था। सुभाष ने सोमबीर को झुप्पा कलां बस स्टैंड पर उतार दिया। जब सोमबीर सड़क पार कर रहा था तभी राजगढ़ की ओर से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने उसे सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल सोमबीर को तुरंत सिवानी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सिवानी थाने के जांच अधिकारी इकबाल ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।