भिवानी। कमला भवन पंचायत भवन मार्ग पर सड़क किनारे फिर से मुख्य पेयजल लाइन लीक होने पर जांच के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग कर्मचारियों ने गड्ढा खोदकर छोड़ दिया। इसकी वजह से मुख्य सड़क से आवाजाही करने वाले वाहनों के भी दुर्घटनाग्रस्त होने का अंदेशा है। दरअसल, कमला भवन से कचहरी मार्ग के नुक्कड़ पर सड़क किनारे मुख्य लाइन लीक हो गई।
इसकी जांच के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग कर्मचारियों ने करीब छह फीट गहरा गड्ढा खोद डाला। इस गड्ढे की मिट्टी को भी आसपास ही डाला गया है। महम रोड स्थित पुराने जलघर से पुराना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और कमल नगर कॉलोनी में पेयजल लाइन डाली गई थी। मगर इस लाइन में अभी तक लोगों के ज्यादा पेयजल कनेक्शन नहीं हो पाए। जिस वजह से हर बार सर्दी में ज्यादा प्रेशर की वजह से लाइन लीक हो रही है। वहीं पुराना बस स्टैंड से कचहरी रोड पर भी मुख्य लाइन में लीकेज बनी है। जो जांच के बाद भी ठीक नहीं हो पाई है। इस संबंध में एसडीओ सूरज प्रकाश जैन ने बताया कि लीकेज को ठीक किए जाने का काम चल रहा है। जल्द ही इसे पूरा कराएंगे।