ढिगावामंडी। पहाड़ी माता मंदिर में पिछले करीब ढाई माह से बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों का ऑनलाइन लाइव प्रसारण प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद दोबारा शुरू कर दिया गया। लोहारू एसडीएम मनोज दलाल ने मामले का संज्ञान लेते हुए मंदिर का निरीक्षण किया और तकनीकी व्यवस्था की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी सिस्टम की देखरेख कर रहे आर्य नगर निवासी आशीष को मौके पर बुलाकर समस्या की जानकारी ली। तकनीकी खामी दूर करने के बाद मंदिर परिसर में लगे सभी 48 सीसीटीवी कैमरों का ऑनलाइन लाइव प्रसारण तत्काल बहाल करा दिया गया।
एसडीएम ने बताया कि कैमरे कंट्रोल रूम में सामान्य रूप से कार्य कर रहे थे, लेकिन तकनीकी कारणों से उनका ऑनलाइन प्रसारण बंद था। इससे मंदिर ट्रस्ट के सदस्य मोबाइल फोन के माध्यम से परिसर की निगरानी नहीं कर पा रहे थे।
उन्होंने सीसीटीवी व्यवस्था संभाल रही संबंधित फर्म को निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी तकनीकी खराबी की सूचना तुरंत प्रशासन को दी जाए। बिना सूचना के लाइव प्रसारण बंद रहने या सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर अनुबंध निरस्त करने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मंदिर के कथित आभूषण प्रकरण की जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरों का लाइव प्रसारण बंद होने का मामला सामने आया था जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे।