भिवानी। देवसर चुंगी से लोहारू रोड रेलवे फाटक पर पेयजल लाइन की लीकेज की वजह से सोमवार सुबह काम की वजह से फाटक का रास्ता बंद कर दिया। ट्रैफिक पुलिस ने देवसर चुंगी से रेलवे फाटक के रास्ते पर बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया। इसकी वजह से दिनभर लोहारू रोड रेलवे ओवरब्रिज पर भी वाहनों की जाम की स्थिति बनी। वहीं लीकेज ठीक करने की वजह से की गई खुदाई के कारण लोहारू रोड रेलवे फाटक के आसपास के दुकानदारों का कामकाज भी ठप हो गया है। दुकानदार भी तीन दिन से नुकसान झेल रहे हैं। लाइन लीकेज को ठीक करने के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कर्मचारी भी लगे रहे। वहीं आसपास की कॉलोनियों की पेयजल संकट बना हुआ है, जिसके कारण कॉलोनीवासी रुपये देकर पानी के टैंकर मंगवाने को मजबूर है।
देवसर चुंगी से लोहारू रोड रेलवे फाटक के पास पानी की मुख्य लाइन की लीकेज को ठीक किए जाने का काम चल रहा है। इसकी वजह से पिछले एक सप्ताह से शहर की करीब आधा दर्जन से अधिक कॉलोनी के लोग भी पेयजल संकट झेल रहे हैं। वहीं लीकेज ठीक करने के लिए फाटक के पास फुटपाथ की खुदाई भी जेसीबी से कराई गई है। सोमवार को भी विभाग की दो जेसीबी लीकेज को ठीक करने के लिए लगाई गई। इस वजह से देवसर चुंगी चौक से फाटक की तरफ जाने वाले रास्ते को ट्रैफिक पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया। इसकी वजह से ट्रैफिक का दबाव लोहारू रोड रेलवे ओवरब्रिज पर आ गया। ओवरब्रिज पर भी दिनभर वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे। सोमवार को आम तौर पर शहर में सबसे अधिक ट्रैफिक होता है। जिसकी वजह से शहर के सरकुलर रोड पर हर सोमवार को जाम की स्थिति बनती है। लेकिन देवसर चुंगी से लोहारू रोड फाटक का रास्ता बंद होने से जाम की ये स्थिति और विकट बनी। ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों को भी जाम सुलझाने में दिनभर काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पिछले तीन दिन से लीकेज दुरुस्त का कार्य चल रहा है। इसकी वजह से मार्केट में आना-जाना बंद किया हुआ है। मार्केट में ना के बराबर ग्राहक आ रहे है। दिनभर की मेहनत के बाद खर्चा भी नहीं नहीं रहा।
- चित्रपाल सिंह, मिस्त्री।
महर्षि वाल्मीकि चौक पर पुलिस के बेरिकेड लगा दिए हैं और फाटक की ओर से भी रास्ता बंद कर दिया है। अब यहां ट्रैक्टर ठीक करवाने के लिए कोई नहीं आ पा रहा। तीन दिन से बिना काम किए ही वापस घर लौट रहे हैं।
- सुभाष, ट्रैक्टर मिस्त्री।
विभाग खुद तो लीकेज दुरुस्त करने में लगा है और हमारा काम-धंधा ठप कर दिया। न तो किसी ग्राहक को दुकान पर आने दे रहे है और न ही बेरिकेड हटा रहे हैं। तीन दिन से कुछ भी कमाई नहीं हुई।
- सतपाल, मिस्त्री।
पिछले पांच दिन से हमारे क्षेत्र में पानी नहीं आया है। ऐसे में पानी के टैंकर के लिए 900 रुपये लगाए है। हनुमान ढाणी, लोहारू पुल क्षेत्र, ढाणी महताबदास, सैनी मोहल्ला में पानी की सप्लाई नहीं हो रही।
- सुनील सैनी, ढाणी महताबदास।
लोहारू रोड फाटक के नजदीक पेयजल लाइन लीकेज को बंद करने का कार्य किया जा रहा है। जल्द ही इस लाइन को बंद कर दूसरी तरफ लाइन को दादरी रोड बूस्टर से जोड़ा जाएगा।
- सचिन, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग भिवानी।