भिवानी। महम रोड स्थित टायर कंपनी के शोरूम में मंगलवार शाम लिफ्ट टूटकर मजदूर प्रकाश के ऊपर गिर गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने शोरूम संचालक देवेंद्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मूल रूप से नेपाल निवासी 43 वर्षीय प्रकाश पिछले करीब 26 साल से जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की कर्मचारी रिहायशी कॉलोनी के क्वार्टरों में परिवार के साथ रह रहा था।
वह महम रोड स्थित टायर कंपनी में मजदूरी करता था। मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह लिफ्ट से टायर ऊपर चढ़ा रहा था। इसी दौरान लिफ्ट टूटकर उसके ऊपर आ गिरी।
हादसे के बाद प्रकाश को तत्काल जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया ।
औद्योगिक थाने के जांच अधिकारी रफीक ने बताया कि प्रकाश दो बच्चों का पिता था। पुलिस ने उसकी पत्नी रुकमणी की शिकायत पर शोरूम संचालक देवेंद्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लिफ्ट की फिटनेस और पंजीकरण की भी होगी जांच : पुलिस हादसे के कारणों की जांच के साथ लिफ्ट की फिटनेस संबंधी मानकों की भी पड़ताल करेगी। इसके अलावा एजेंसी संचालक के पास लिफ्ट संचालन का पंजीकरण है या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी।