भिवानी। दो साल से बदहाल एलआईसी रोड अब चकाचक हो गया है। रविवार को रोड रोलर से नई सड़क को तैयार कराने का काम चल रहा था, क्योंकि कार्य दिवस पर यहां सैकड़ों वाहनों की पार्किंग और आवाजाही की वजह से काम संभव नहीं हो पा रहा था। बारिश की वजह से तारकोल की सड़क टूटकर बिखर चुकी थी और गहरे गड्ढों की वजह से भी यहां रोजाना जाम लगता था।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने एलआईसी रोड पर तारकोल की नई लेयर डालकर इसे चकाचक बनाने का काम शुरू किया। करीब तीन सौ मीटर की ये सड़क काफी अहम इसलिए भी है कि लघु सचिवालय परिसर में एसडीएम और तहसील कार्यालय में आने वाले सैकड़ों लोगों के वाहनों की पार्किंग भी यही हो रही है। जबकि वाहनों का आवागमन भी दिनभर इस सड़क पर बना रहता है। बारिश के दौरान यहां जलभराव भी होता है, जिसकी वजह यहां बने बरसाती चैनल ठप पड़े हैं। जिन्हें दुरुस्त कराने की किसी ने भी कोई जहमत नहीं उठाई। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने बासिया भवन से सेंट्रल हुडा पार्क होते हुए लघु सचिवालय और लघु सचिवालय से एलआईसी मार्ग की हालत सुधार की दिशा में कदम उठाया है। इसी के तहत रविवार को दिनभर सड़क निर्माण का काम किया गया।