हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से 12 व 13 नवंबर को प्रस्तावित अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के लिए अब तक 2,59207 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। अभ्यर्थियों की मांग पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने आवेदन की तिथि 30 सितंबर तक बढ़ा दी है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. जगबीर सिंह एवं सचिव कृष्ण कुमार ने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन शुल्क भरने की अंतिम तिथि 27 सितंबर निर्धारित की गई थी, जिसे बढ़ाकर 30 सितंबर कर दिया गया है।
अध्यापक पात्रता परीक्षा लेवल-1, 2 व 3 का आयोजन 12 व 13 नवंबर (शनिवार-रविवार) को कराया जाएगा। इस परीक्षा के लिए अभी तक 2,59207 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किए हैं, जिसमें लेवल-एक पीआरटी के 50929, लेवल-2 टीजीटी के 124431 और लेवल-तीन पीजीटी के 83847 अभ्यर्थी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें : Jind: शहर की समस्याओं से तंग 65 वर्षीय बुजुर्ग 20 फीट ऊंचे स्वागत द्वार पर चढ़ा, मिन्नत करके उतारा
अभ्यर्थी विषय के चयन (लेवल 2 व 3) में सुधार/शुद्धि भी एक से तीन अक्तूबर तक ऑनलाइन कर सकते हैं। लेवल, जाति वर्ग व शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण व गृह राज्य विकल्प में कोई परिवर्तन/सुधार/शुद्धि की अनुमति नहीं होगी। फैक्स, ई-मेल, पत्र आदि अन्य माध्यम से प्राप्त प्रार्थना-पत्र पर विचार नहीं किया जाएगा।
इसलिए सभी अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध सूचना-निर्देशिका को अच्छे से समझकर/पढ़कर आवेदन करें। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करते समय किसी प्रकार की तकनीकी कठिनाई उत्पन्न होती है तो हेल्पलाइन नंबर 9717894424, 9810285068, 9289528561 व 9289517562 एवं ई-मेल आईडी htet2022@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं।