चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय का भवन।
भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू) में स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन का अंतिम मौका है। विश्वविद्यालय ने आवेदन पोर्टल दोबारा खोल दिया है और इच्छुक विद्यार्थी छह अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विभागों में विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इससे उन विद्यार्थियों को भी अवसर मिलेगा जो पहले किसी कारणवश आवेदन नहीं कर पाए या आवेदन के बावजूद अभी दाखिला नहीं ले सके हैं। उपलब्ध सीटों के अनुसार पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन करने की सलाह दी है ताकि तकनीकी समस्या होने पर परेशानी से बचा जा सके। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद विद्यार्थी अपने आवेदन की स्थिति भी जांचते रहें।
आवेदन से पहले पात्रता और दस्तावेजों की जानकारी लें
विद्यार्थी आवेदन से पहले संबंधित पाठ्यक्रम की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, फीस और विश्वविद्यालय के अन्य दिशा-निर्देशों की जानकारी आधिकारिक पोर्टल से प्राप्त कर लें। आवेदन करते समय सभी आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी सही ढंग से भरना जरूरी है और विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित नियमों का ध्यानपूर्वक पालन करना होगा।