पदक विजेता पहलवान ललित कुमार अपने प्रशिक्षक सुरेश कोच से आर्शिवाद लेते हुए। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। गांव बामला वासी ललित ने सब जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में कजाकिस्तान के पहलवान को पटकनी दे कांस्य पदक जीता है। ललित ग्रेवाल ने इटली के रोम में 25 से 31 जुलाई तक आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप के 48 किलोग्राम भार वर्ग के फ्री स्टाइल मुकाबले में हिस्सा लेकर कांस्य पदक जीता है। ललित भीम स्टेडियम में कुश्ती कोच सुरेश कुमार वर्मा की देखरेख में अभ्यास करते हैं।
गांव बामला निवासी 17 वर्षीय ललित ग्रेवाल तीन भाइयों में सबसे छोटा है। उसके दो बड़े भाई प्रदीप व संदीप सेना में भर्ती होकर देश सेवा कर रहे हैं, जबकि पिता उमेद सिंह गांव में ही खेतीबाड़ी करते हैं। ललित ने हाल ही में दसवीं की परीक्षा पास की है। कोच सुरेश कुमार वर्मा ने बताया कि करीब दो साल से ललित उनकी देखरेख में कुश्ती का अभ्यास कर रहा है। सब जूनियर चैंपियनशिप के 48 किलोग्राम भार वर्ग के फ्री स्टाइल मुकाबले में इटली के रोम में आयोजित हुए थे। इसमें ललित ने कजाकिस्तान के पहलवान को पटकनी देकर कांस्य पदक जीता है। इससे पहले भी ललित नेशनल में गोल्ड और सिल्वर मेडल जीत चुका है। रोम से ललित ने फोन पर बातचीत करते हुए बताया कि उसका अगला लक्ष्य ओलंपिक में मेडल जीतना है, जिसके लिए खुद को बेहतर ढंग से तैयार करेगा। वहीं ललित की जीत पर भीम खेल स्टेडियम में जश्न का माहौल बना हुआ है। कोच सुरेश ने बताया कि 3 अगस्त तक ललित की देश में वापसी होगी। उसका यहां पहुंचने पर खेल प्रेमियों व विभाग के अधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी जेजी बेनर्जी ने भी ललित को मेडल जीतने पर बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
पदक विजेता पहलवान ललित कुमार ।- फोटो : Bhiwani