तोशाम। गांव निगाना खुर्द में रविवार रात चोर कमरे का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने और चांदी के आभूषण चोरी करके ले गए। पुलिस ने चोर के खिलाफ भिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में निगाना खुर्द निवासी अजय ने बताया कि वह निगाना खुर्द आश्रम के पीछे रहते हैं। रविवार रात वह मकान के ऊपर बने कमरे में सोए थे। सोमवार सुबह 4:30 बजे उनकी पत्नी उठकर नीचे वाले कमरे में आई तो उसका ताला टूटा था और अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था।
उन्होंने कमरे में रखा सामान देखा तो कई आभूषण चोरी पाए गए। इनमें चेन के साथ सोने का लाॅकेट, गले वाला लाॅकेट बिना चेन, सोने की एक अंगूठी, एक जोड़ी बाली, एक छोटी बाली, नाथ टीका सोना, दो नोजपिन सोना, चांदी का एक नारियल, चांदी का एक सिक्का, चांदी की एक जोड़ी पाजेब शामिल थी।
तोशाम चौक पर चाय के खोखे से सामान चोरी
भिवानी। शहर के तोशाम चौक स्थित एक चाय के खोखे से सामान चोरी हो गया। खोखा मालिक ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस को दी शिकायत में रुद्रा कॉलोनी निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि तोशाम चौक पर 31 अक्तूबर की रात को खोखे को ताला तोड़कर चोर गैस सिलिंडर, चूल्हा, कोल्ड ड्रिंक की पेटी, बीड़ी-सिगरेट के पैकेट व गल्ले से पांच हजार रुपये चोरी कर ले गए। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है।