भिवानी। जिले की मंडियों में बाजरा की सरकारी खरीद जारी है। ऐसे में उठान को लेकर अब दिक्कत बनी है। मंडियों में अभी भी लाखों कट्टों का उठान होना बाकी है। अब तक जिले में 2934 टन बाजरा की आवक हो चुकी है वहीं 2463 टन बाजरा किसानों से खरीद हो चुका है। इसी के साथ 1663 टन बाजरा का ही उठान हुई है। जबकि अब तक करीब 88 फीसदी किसानों को ही उनकी फसलों का खाता में भुगतान हुआ है।
रविवार को भिवानी जिले की मंडियों में बाजरा की सरकारी खरीद नहीं हुई। लेकिन मंडियों से बाजरा का उठान लगातार जारी रहा। रविवार को भिवानी जिला मुख्यालय की मंडी से करीब तीन हजार कट्टों का उठान कराया गया। जबकि अब भी भिवानी मंडी में करीब 75 हजार से अधिक कट्टे खुले आसमान के नीचे पड़े हैं।
मौसम बिगड़ा तो इनके भीगने की भी संभावनाएं बनी है। हालांकि खरीद के दौरान किसानों की फसल का रखरखाव का जिम्मा आढ़ती का है। सोमवार से ही किसानों की बाजरा फसल की आवक होगी। इसी को लेकर रविवार को भी अधिकारी व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। दरअसल खरीद के दौरान देर शाम तक भी किसान अपनी फसल के साथ गेट पास लेने पहुंच रहे हैं। ऐसे में एक दिन पहले जिन किसानों को गेट पास मिले हैं, उनकी फसल की खरीद कराई जा रही है।