भिवानी। तैरना न जानने के कारण नहर में डूबने से गांव जाटू लोहारी निवासी एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस व ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर इस संबंध में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है। बुधवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मामला मंगलवार रात करीब आठ बजे का है। पुलिस को दिए बयान में गांव जाटूलोहारी निवासी लक्की ने बताया कि वह तीन भाई-बहन है। उसका पिता 38 वर्षीय कर्मवीर उर्फ बिट्टू मजदूरी करता था। मंगलवार रात करीब आठ बजे उसका पिता मजदूरी पर गया हुआ था। दो दिन से बारिश होने के कारण मिट्टी में फिसलन हो रखी थी। उसका पिता गांव में ही सूई रोड स्थित निगाना फिडर नहर के पास से गुजरने लगा तो अचानक ही उसका पांव फिसल गया और वह नहर में गिर गया। तैरना न जानने के कारण वह नहर में डूब गया।
खेत के पड़ोसियों ने मामले की सूचना परिजनों व पुलिस को दी। पुलिस मिलने पर जांच अधिकारी एचसी अमित अपनी टीम सहित घटनास्थल पहुंचे। पुलिस के गोताखोरों व ग्रामीणों ने रात भर मजदूर की नहर में तलाश की। कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार सुबह करीब 12 बजे करीब 16 घंटे बाद नहर में मृतक कर्मवीर का शव बरामद किया। पुलिस शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम कार्रवाई के लिए जिला सामान्य अस्पताल पहुंची।
जांच अधिकारी एचसी अमित कुमार ने बताया कि गांव जाटूलोहारी निवासी कर्मवीर दो बेटियों व एक बेटे का पिता था। मृतक के बेटे लक्की के बयान पर इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। बुधवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया।