ढिगावा मंडी। श्रम राज्यमंत्री अनूप धानक ने गांव कुड़ल में धानक चौपाल व लाइब्रेरी का लोकार्पण कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश का चहुंमुखी विकास करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सरकार परिवार पहचान के माध्यम से गरीब लोगों को घर बैठे सरकार की योजनाओं का फायदा दे रही है। म्हारा गांव-जगमग गांव योजना के तहत उपभोक्ताओं को निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति की जा रही है। कार्यक्रम में लोगों ने अपनी निजी और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को उनके सामने रखा। जिस पर मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।
श्रम राज्य मंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर धानक समाज की चौपाल में अतिरिक्त ग्रांट देने, सपेरा समाज की चौपाल के लिए पांच लाख की ग्रांट देने, गांव में व्यायाम शाला का निर्माण करवाने, गोशाला में चारे के लिए शेड बनवाने, युवाओं के लिए खेल का सामान भिजवाने तथा गांव में विकास कार्य करवाने की घोषणा की। मंत्री ने गांव में कम्युनिटी सेंटर के निर्माण के लिए गांव की पंचायत का प्रस्ताव भिजवाने के लिए कहा।उन्होंने गांव की गोशाला का भी अवलोकन किया। इस मौके पर एसडीएम अमित कुमार, बीडीपीओ धर्मपाल, एसडीओ राजेश शर्मा, एसडीओ अतुल रंगा, बीईओ विजयप्रभा, सुरेंद्र राठी, राजकुमार ओबरा, प्रदीप बिधनोई, धनसिंह सलीमपुर, कृष्ण बजीना, ईश्वर मान, कृष्ण वर्मा, मास्टर सुरेंद्र,रामेश्वर, धर्मपाल, रामचंद्र, ईश्वर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व गांव के अनेक नागरिक मौजूद रहे।