तहसीलदार विक्रम सिंगला से मुलाकात करते किसान मोर्चा प्रतिनिधिमंडल।
लोहारू। जन सूचना के तहत जानकारी मांगे जाने के बाद मुआवजा वितरण में सामने आई धांधली के मामले में बुधवार को किसान मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल तहसीलदार विक्रम सिंगला से मिला और धांधली मामले में दोषियों पर की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी हासिल की। किसान प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि मामले में संबंधित पटवारी और नंबरदार को दोषी ठहराया गया है और कार्रवाई के लिए फाइल एसडीएम के समक्ष भेज दी गई है।
किसान मोर्चा के सदस्य एवं भाकियू के जिला प्रधान मेवा सिंह आर्य ने बताया कि इस मामले में दोषियों पर ठोस कार्रवाई को लेकर आगामी 30 जुलाई को किसान मोर्चा ने संगठन के सदस्यों और कार्यकर्ताओं की आवश्यक बैठक शहर के शहीद महावीर किसान भवन में बुलाई है। इसमें सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रशासन और सरकार इस मुआवजा वितरण में धांधली करने वाले दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।
उन्होंने बताया कि तहसीलदार ने उन्हें बताया है कि जांच में मौका पटवारी और गांव फरटीया केहर का नंबरदार दोनों को दोषी ठहराया गया है और जांच रिपोर्ट एसडीएम महोदय के समक्ष कार्रवाई के लिए भेजी गई है। प्रतिनिधि मंडल में जिला प्रधान मेवा सिंह आर्य, आजाद सिंह भूगंला, धर्मपाल बारवास, प्रधान कर्मबीर फरटिया, कैप्टन इंदराज, रवींद्र कसंवा, सुमेर सिंह, जयसिंह, कमल सिंह इंद्र सिंह दमकोरा, हवासिंह बलोदा, भरतसिंह, इंद्र सिंह फरटीया शामिल थे। संवाद