भिवानी। बदलती जीवनशैली, अनियमित खान-पान और शारीरिक गतिविधियों की कमी युवाओं की सेहत पर भारी पड़ रही है। जंक फूड, मानसिक तनाव और दूषित खान-पान के कारण लिवर संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। लिवर की कमजोरी और रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी से युवाओं में गंभीर बीमारियां घर कर रही हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने समय पर जांच, संतुलित खान-पान और बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।जिले में इस साल अब तक हेपेटाइटिस बी के 47 और हेपेटाइटिस सी के 82 मरीज सामने आ चुके हैं। हेपेटाइटिस बी का बढ़ता खतरा युवाओं के लिए सबसे चिंताजनक है।
पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. यतिन गुप्ता ने बताया कि अत्यधिक तेल-मसाले वाला खाना लिवर की कोशिकाओं को गंभीर नुकसान पहुंचाता है। जंक फूड, कोल्ड ड्रिंक्स और प्रिजर्वेटिव युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन भी हानिकारक है।
व्यायाम का अभाव और लगातार घंटों कुर्सी पर बैठकर काम करना शरीर के मेटाबॉलिज्म को धीमा कर देता है। इससे फैटी लिवर की समस्या उत्पन्न होती है, जो बाद में गंभीर रूप ले लेती है। देर रात तक जागना और पूरी नींद न लेना लिवर के प्राकृतिक डिटॉक्सिफिकेशन चक्र को बाधित करता है। काम का अत्यधिक तनाव भी लिवर की सेहत बिगाड़ता है। दूषित पानी और बाहर का अस्वस्थ खान-पान संक्रमण का जोखिम बढ़ाता है। स्वच्छता के प्रति लापरवाही भी इस संक्रमण के जोखिम को कई गुना बढ़ा देती है।
ओपीडी में बढ़ रहे लिवर संक्रमण के मरीज
ओपीडी में रोजाना औसतन 3 से 4 नए लिवर संक्रमण से ग्रस्त मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें 20 से 35 वर्ष की आयु के युवाओं का एक बड़ा हिस्सा शामिल है। शुरुआती दौर में लक्षणों को नजरअंदाज करना बीमारी को अधिक खतरनाक बना देता है। चिकित्सकों के अनुसार, समय पर इलाज न मिलने पर यह क्रॉनिक लिवर सिरोसिस में बदल सकती है। यह स्थिति अन्य घातक समस्याओं का कारण भी बन सकती है। इसलिए लिवर संबंधी किसी भी लक्षण को गंभीरता से लेना चाहिए। समय पर जांच और उपचार से गंभीर परिणामों से बचा जा सकता है।
मेडिकल कॉलेज में हेपेटाइटिस मरीजों के लिए सुविधाएं
पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज में हेपेटाइटिस मरीजों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध हैं। जनरल मेडिसिन से जुड़े विशेषज्ञ चिकित्सक लक्षणों की पहचान करते हैं। वे मरीजों को काउंसिलिंग और नियमित मॉनिटरिंग प्रदान करते हैं। लिवर की कार्यप्रणाली जांचने के लिए लिवर फंक्शन टेस्ट और वायरल मार्कर जैसी जांचें उपलब्ध हैं। अन्य आधुनिक पैथोलॉजिकल जांचें भी अस्पताल परिसर में ही की जाती हैं।
सरकारी दिशा-निर्देशों के तहत आवश्यक दवाइयां मरीजों को निशुल्क दी जाती हैं। मेडिकल कॉलेज स्तर पर युवाओं और आम जनता को हेपेटाइटिस बी से बचाव के लिए टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। टीकाकरण ही इस संक्रमण से सुरक्षा का सबसे मजबूत कवच है।
बचाव और सतर्कता ही सबसे बड़ा उपाय
चिकित्सकों के अनुसार, बीमारियों से बचाव के लिए जीवनशैली में बदलाव अत्यंत आवश्यक है। संतुलित आहार अपनाना चाहिए, जिसमें बाजरा, मौसमी हरी सब्जियां और ताजे फल शामिल हों। पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। नियमित व्यायाम करना भी लिवर को स्वस्थ रखने में सहायक है। समय पर स्वास्थ्य की जांच कराना युवाओं को इस गंभीर खतरे से बचा सकता है। यदि समय रहते खान-पान और आदतों में सुधार नहीं किया गया, तो यह समस्या भविष्य में गंभीर बीमारी का रूप ले सकती है। इन उपायों को अपनाकर ही लिवर को स्वस्थ रखा जा सकता है।