थाने की हवालत में बंद अपने साथी को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाने पहुंचा डाडम निवासी युवक को पुलिस ने काबू कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बागनवाला निवासी प्रदीप व ओमबीर थाने में किसी अन्य मामले में रिमांड के दौरान हवालात में बंद थे। इसी दौरान डाडम निवासी रामनिवास एक कोल्ड ड्रिंक की बोतल लिए वहां आया और ड्यूटी पर कार्यरत कर्मचारी को बताया कि प्रदीप उसका दोस्त है, वह उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाना चाहता है।
इस पर पुलिस कर्मचारी ने मुंशी को सूचना दी। कोल्ड ड्रिंक की बोतल की सील टूटी होने की वजह से मुंशी को शक हुआ। बोतल का ढक्कन खोला तो शराब की गंध महसूस हुई। इसके बाद रामनिवास को मौके पर काबू कर लिया गा। रामनिवास ने पूछताछ में बताया कि वह प्रदीप से मिलीभगत कर कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर उसको देने के लिए आया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि शराब में मिक्स की गई कोल्ड ड्रिंक की बोतल सहित आरोपी रामनिवास को काबू कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 451, 120बी व एक्साईज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।