खाद्य सामग्री के सैंपल लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : Bhiwani
खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने शनिवार को हांसी गेट और पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य सामग्री बनाने और बेचने वाली दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनेक अनियमितताएं सामने आई। कहीं संचालकों के पास लाइसेंस नहीं था तो कुछ ने जरूरत लाइसेंस की और सिर्फ छोटे कार्य के तहत रजिस्ट्रेशन करवा रखा था। इतना ही नहीं साफ-सफाई में भी कोताही मिले। जिस पर नोटिस दिए गए हैं। टीम ने चार स्थानों से सात सैंपल सील किए। जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। जिसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार दोपहर करीब एक बजे खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र पूनिया के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया। सबसे पहले टीम पुराना बस स्टैंड स्थित क्राउन प्लाजा में बनी एक पिज्जा शॉप पर पहुंची। यहां संचालक के पास न लाइसेंस था और न ही रजिस्ट्रेशन करवा रखा था। यहां कार्यरत युवक के हाथों के नाखून भी काफी बड़े थे। जिस पर जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मौके पर ही नेल कटर मंगवाकर युवक के नाखून कटवाए। यहां मैदा का सैंपल सील किया गया। यहां के पास क्राउन प्लाजा में ही चल रहे एक रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। यहां नूडल्स और चॉप मसाला का सैंपल सील किया गया। यहां टीम ने कार्यरत कारिंदों को सफाई और फूड सेफ्टी एक्ट के बारे में भी जागरूक किया। यहां के बाद टीम ने इंप्रूवमेंट ट्रस्ट मार्केट के पास एक रेस्टोरेंट की जांच की और सौंफ का सैंपल सील किया। यहां के बाद हांसी गेट पर एक मेगा मॉल का निरीक्षण किया। यहां से टीम ने काफी, मसाला, मिल्क फूड का सैंपल सील किया। सील किये गए सभी सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा और जिसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
आज मैंने अपनी टीम के साथ पुराना बस स्टैंड, हांसी गेट क्षेत्र में होटल-रेस्टोरेंट पर खाद्य सामग्री का निरीक्षण किया है। सात सैंपल सील किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। दुकानदारों को खाद्य सामग्री बिक्री के लिए लाइसेंस लेने के प्रति भी जागरूक किया गया है।
- डॉ. सुरेंद्र सिंह पूनिया, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी, खाद्य एवं औषधि विभाग