नागरिक अस्पताल के शव गृह के फ्रीज में रखा मृतक वेदसिंह का शव।
हरियाणा के भिवानी के गांव रोहनात निवासी वेद सिंह आत्महत्या प्रकरण में प्रशासन और परिजनों के बीच लगातार पांचवें दिन भी सहमति नहीं बनी। उधर, जिला नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखे वेद सिंह के शव में अब कीड़े चलने लगे हैं।
फ्रीजर में रखे होने के बावजूद शव की हालत बिगड़ रही है। क्योंकि अस्पताल की लाइट बार-बार कटने की वजह से फ्रीजर भी लगातार काम नहीं कर पा रहा है। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव में बर्फ लगाने की वजह से भी दिक्कतें पैदा हो गई हैं।
गांव रोहनात के ग्रामीणों का लघु सचिवालय के बाहर धरना 160 दिनों से चल रहा था। इसी दौरान 12 सितंबर की सुबह धरना स्थल पर लगे टेंट के समीप वेद सिंह का शव फंदे से लटका मिला था। वेद सिंह के शव का उसी दिन पुलिस ने जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करा दिया।
परिजनों ने अपने बयान दर्ज कर पुलिस में नामजद अधिकारियों के खिलाफ भी शिकायत दी। लेकिन न केस दर्ज हुआ न वेद सिंह का शव परिजनों ने लिया। जिस वजह से पुलिस को वेद सिंह का शव पोस्टमार्टम कराने के बाद वापस शव गृह में ही रखवाना पड़ा। लगातार पांच दिनों से शव गृह के फ्रीजर में रखा वेद सिंह के शव में अब कीड़े चलने लगे हैं।
इसकी वजह से शव की हालत भी लगातार खराब हो रही है। ऐसे में शवगृह में तैनात कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल में बार-बार लाइट चली जाती है। इसकी वजह से फ्रीजर लगातार काम नहीं कर पाता। शव के पोस्टमार्टम के बाद पुलिस कर्मचारियों ने यहां बर्फ रखवा दी थी। बर्फ पिघलने से शव में पानी से हालत और खराब हो गई है।
नागरिक अस्पताल के शव गृह में शव रखने के लिए फ्रीजर है। एक समय में चार शवों को रखा जा सकता है। रोहनात के वेद सिंह के शव के बारे में निर्णय लेने का काम पुलिस का है। अगर परिजन शव लेने से इन्कार करते हैं तो पुलिस अधिकारियों से अनुमति लेकर शव का अंतिम संस्कार करा सकती है।
-डॉ रघुवीर शांडिल्य, सिविल सर्जन भिवानी।
वेद सिंह का शव नागरिक अस्पताल के शवगृह के फ्रीजर में रखा है। शव फिलहाल सुरक्षित है। कीड़े चलने की बात अफवाह है। प्रशासन और परिजनों के बीच अभी सहमति नहीं बनी है और न ही कोई एफआईआर दर्ज हुई है। जब तक सहमति नहीं बनती तब तक शव यहां रखा जाएगा।
-बलदेव सिंह, एसएचओ, सिविल लाइन पुलिस थाना भिवानी।