भिवानी। सिविल सर्जन डाॅ. रघुवीर शांडिल्य ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया है। इसके लिए पीजीआई रोहतक के वरिष्ठ मनोचिकित्सकों का दल मंगलवार को नागरिक अस्पताल तोशाम में शिविर लगाएगा। इस दल का नेतृत्व मनोचिकित्सा विभाग के प्रमुख डाॅ. राजीव गुप्ता करेंगे।
डाॅ. शांडिल्य ने बताया कि किशोरावस्था और वयस्क अवस्था की शुरुआत में कई बदलाव होते हैं। स्कूल बदलना, घर छोड़ना, कॉलेज, विवि या नई नौकरी शुरू करना इसका कारण है। कई लोगों के लिए ये रोमांचक समय होता है जबकि कुछ मामलों में यह तनाव और शंका का समय हो सकता है। इसके लिए सकारात्मकता जरूरी है।
इस आयु वर्ग के लोगों के लिए अतिरिक्त दबाव भी आता है। अगर इसे पहचाना नहीं जाता तो यह तनाव मानसिक रोग उत्पन्न कर सकता है। दुनिया में कई लोग मानसिक बीमारियों और कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। मानसिक दिक्कतों के समाधान के लिए लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए पीजीआई रोहतक से मनोचिकित्सकों की टीम भिवानी आकर नागरिक अस्पताल तोशाम में शिविर लगाएगी।
इसका मकसद है कि लोग मानसिक परेशानियों के प्रति जागरूक हों और समय रहते डॉक्टरी सहायता ले सकें। मानसिक परेशानियों से जूझ रहे लोगों की कठिनाई को उनके दोस्त, रिश्तेदार, समाज भी समझ सकें। सिविल सर्जन ने सभी से शिविर में पहुंचकर अपने मानसिक स्वास्थ्य की जांच अवश्य करवाने का आग्रह किया है।