तोशाम। अज्ञात चोर ने सोमवार रात तोशाम-सिवानी मार्ग पर स्थित दो दुकानों के ताले तोड़कर हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें एक युवक लोहे की रॉड लिए हुए नजर आ रहा है। वह सड़क पर गुजरने वाले वाहनों की लाइट से बचते हुए छिपता-छिपाता दुकान की ओर जाता दिखाई दे रहा है।
पीड़ित दुकानदार मनोज कुमार ने बताया कि वह सोमवार शाम को अपनी किराना दुकान बंद कर घर चला गया था। लेकिन मंगलवार सुबह करीब 6 बजे किसी परिचित का फोन आया, जिसने बताया कि दुकान का शटर खुला हुआ है। मौके पर पहुंचने पर देखा कि दुकान के ताले टूटे हुए थे और ताले मौके से गायब थे, जबकि शटर आधा खुला हुआ था। दुकान के अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ पड़ा था और गल्ले में रखी करीब 5000 रुपये की नकदी चोरी हो चुकी थी।
टी स्टॉल से भी नकदी उड़ाई
वहीं दूसरी ओर सैनी टी स्टॉल के संचालक बाबूलाल सैनी ने बताया कि वह रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर गए थे, लेकिन सुबह आने पर पाया कि दुकान के ताले टूटे हुए थे और सामान अस्त-व्यस्त था। चोर गल्ले में रखी करीब 1000 रुपये की नकदी भी चुरा ले गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रात करीब 2 बजे एक युवक लोहे की रॉड लिए हुए दोनों दुकानों के आस-पास घूमता दिखाई दिया है।
पुलिस को दी शिकायत
दोनों पीड़ित दुकानदारों ने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस थाने में दर्ज करवा दी है। दुकानदारों ने मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द से जल्द आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाए।