भिवानी में प्रदर्शन कर वीसी का पुतला फूंकते छात्र व सामाजिक संगठन के लोग। स्वयं
भिवानी। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) में छात्रवृत्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बीते दिनों हुए लाठीचार्ज के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर सोमवार को रोष स्वरूप भिवानी में विभिन्न छात्र संगठनों व सामाजिक संगठनों ने संयुक्त रूप से रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान एचएयू कुलपति का पुतला फूंककर रोष जताया।
संगठनों ने सरकार से मांग की कि छात्रों पर लाठीचार्ज के आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। सोमवार को स्थानीय हांसी गेट पर एनएसयूआई, करणी सेना सहित विभिन्न संगठनों ने रोष प्रदर्शन करते एचएयू के कुलपति का पुतला फूंककर रोष जताया। इस मौके पर करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष राहुल राणा, इनसो पूर्व जिला अध्यक्ष एवं छात्र नेता सेठी धनाना व एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष मनजीत लांग्यान ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें रख रहे छात्रों पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज कराना एक अलोकतांत्रिक और दमनकारी कदम था।
उन्होंने आरोप लगाया कि एचएयू छात्रों की आवाज को दबाना चाहता है तथा इसीलिए इस प्रकार के दमनकारी कदम को उठाया गया। प्रदर्शन के माध्यम से छात्रों ने मांग की है कि लठीचार्ज के आदेश देने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई हो और उन्हें निलंबित कर गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषी अधिकारियों और लाठीचार्ज के आदेश देने वालों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अन्य संगठनों को भी साथ लेकर आंदोलन को प्रदेशव्यापी बनाएंगे। इस अवसर पर करणी सेना जिला अध्यक्ष योगेंद्र (सोनू बन्ना) आशीष राणा, शुभम राघव, ऋषभ, धर्मेंद्र राठी, विनीत पंघाल सहित अनेक छात्र व सामाजिक संगठनों से जुड़े युवा मौजूद रहे।