भिवानी। हैंडलिंग एजेंट बनाए जाने में सोसाइटी की 25 लाख राशि जमा कराने व एक करोड़ का चेक देने की शर्त के विरोध में भिवानी मंडी के आढ़तियों का धरना शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। आढ़तियों ने भिवानी मार्केट कमेटी के सचिव अनिल कुमार को अपनी मांगों को मांग पत्र सरकार के नाम सौंपा। वहीं आढ़तियों के धरना प्रदर्शन के बावजूद भिवानी की चारा मंडी में शनिवार को किसानों की सरसों खरीद कराई गई।
चारा मंडी में शनिवार को 22 किसानों की 498 क्विंटल सरसों की सरकारी खरीद कराई गई। मंडी में शनिवार से सरसों के कट्टों का उठान भी शुरू कराया गया। करीब 1600 कट्टों का उठान किया गया। वहीं शनिवार को 23 किसान साढ़े चार सौ क्विंटल सरसों की आवक के साथ पहुंचे। हालांकि अब फसल कटाई के साथ-साथ मंडियों में किसानों की सरसों की आवक भी तेज होने लगी है। भिवानी, चांग और बवानीखेड़ा व तोशाम मंडी में सरसों की सरकारी खरीद चल रही है, जबकि अन्य मंडियों में किसानों की सरसों खरीद को लेकर अभी भी संशय बना है।
दूसरे दिन भी मार्केट कमेटी कार्यालय के बाहर की नारेबाजी
ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के बैनर तले आढ़तियों ने भिवानी के मार्केट कमेटी कार्यालय के बाहर दूसरे दिन भी धरना जारी रखा। ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष भूरू बंसल ने बताया कि आढ़ती सरसों खरीद में हैंडलिंग एजेंट के तौर पर 25 लाख रुपये सिक्योरिटी और एक करोड़ के चेक देने का विरोध कर रहे हैं। इस संबंध में कृषि मंत्री से भी मिल चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई सुलह का रास्ता नहीं निकला है। भूरू बंसल ने बताया कि जब तक आढ़तियों की मांगे पूरी नहीं होती उनका धरना जारी रहेगा। शनिवार को मार्केट सचिव अनिल कुमार के माध्यम से एसोसिएशन पदाधिकारियों ने मांग पत्र सरकार को भेजा। इस मौके पर प्रधान भूरू बंसल, राकेश बोहरा, काकू, बंटी, दूलाराम, अनिल, गीतानंद, अशोक असीजा, रिंकू, बबलू, जेपी बासिया, सतीश, गोविंद, पप्पू चौधरी शामिल थे।
तोशाम में 17432 क्विंटल सरसों की हुई खरीद
तोशाम। तोशाम अनाज मंडी में अब तक 17432 क्विंटल सरसों की खरीद हो चुकी है। एसडीएम डॉ. यशवीर नैन ने कहा कि अनाज मंडी में किसानों की सुविधा के लिए तमाम प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अनाज मंडी में सरसों की निरंतर खरीद सरकारी आदेशों की पालना में की जा रही है। सरसों की खरीद व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश दिए गए हैं। किसानों एवं आढ़तियों की समस्याओं से संबंधित अधिकारियों को समाधान के संबंध में निर्देश दिए हैं कि मंडी में फसल बिक्री में कोई भी समस्या आड़े नहीं आनी चाहिए। अनाज मंडी में मार्केट सचिव सुदेश श्योरान ने बताया कि 35634 क्विंटल सरसों पहुंची है। जबकि 17432 क्विंटल सरसों की खरीद की गई है। जबकि 4800 क्विंटल सरसों का उठान भी कर लिया है। वहीं जुई अनाज मंडी के मार्केट सचिव बसंत सिंह ने बताया कि शनिवार को मंडी में लगभग 5363 क्विंटल सरसों पहुंची है।
भिवानी की चारा मंडी में शनिवार को 22 किसानों की 498 क्विंटल सरसों की सरकारी खरीद कराई गई है। शनिवार से मंडी में सरसों का उठान शुरू करा दिया है। पहले दिन करीब आठ सौ क्विंटल सरसों का उठान हुआ है। खरीद के साथ साथ अब उठान भी निरंतर जारी रहेगा।
-निरीक्षक गुरु प्रकाश, इंचार्ज, हरियाणा वेयर हाउस कारपोरेशन भिवानी।