भिवानी में अवैध निर्माण तोड़ती जेसीबी।
भिवानी। नगर योजनाकार विभाग ने मौजा भिवानी लोहड़ स्थित संजय मेमोरियल रोड पर करीब छह एकड़ क्षेत्र में फैली दो अवैध कॉलोनियों में किए गए अवैध निर्माणों को जेसीबी से ध्वस्त किया। विभाग को इन कॉलोनियों में हो रहे गैरकानूनी निर्माण की सूचना प्राप्त होने पर कार्रवाई की।
जिला प्रशासन को भी इसकी जानकारी दी गई, जिसके बाद उपायुक्त द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई। इस कार्रवाई के दौरान 35 डीपीसी, एक अवैध निर्माण, कच्चे रास्तों का नेटवर्क और डिमार्केशन को जेसीबी मशीन की मदद से तोड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान विभाग द्वारा मौके पर मौजूद लोगों को समझाया भी गया कि वे बिना अनुमति किसी प्रकार का निर्माण कार्य न करें और प्राधिकृत योजनाओं के तहत ही निर्माण करें। नगर योजनाकार विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे गैरकानूनी निर्माणों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर का नियोजित और व्यवस्थित विकास सुनिश्चित किया जा सके।
अवैध निर्माण हटाने का अभियान रहेगा जारी
नगर योजनाकार विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध कॉलोनियों और निर्माणों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
विभाग ने आमजन से अपील की कि वे अनुसूचित सड़कों की हरित पट्टियों, सरकारी भूमि अथवा अनधिकृत क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें।