हरियाणा पात्रता परीक्षा एचटेट 2015 में किसी तरह की गड़बड़ी या बाहरी हस्तक्षेप रोकने के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने फ्लाइंग दस्तों की संख्या और बढ़ाने का निर्णय लिया है।
अब औसतन हर दो सेंटरों पर एक फ्लाइंग दस्ता होगा। बुधवार को एचटेट की तैयारियों को लेकर हुई हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड व जिला शिक्षा अधिकारियों की बैठक में फ्लाइंग टीमों की संख्या बढ़ाई गई।
बाकी उड़नदस्ते यथावत रहेंगे, केवल जिला शिक्षा अधिकारियों की बनाई फ्लाइंग टीम की संख्या बढ़ाई गई है। अब 625 सेंटरों के लिए तीन सौ से अधिक फ्लाइंग टीमें नियुक्त की गई है।
बोर्ड सचिव पंकज की अध्यक्षता में हुई बैठक में 14 व 15 नवंबर को होने वाली एचटेट परीक्षा को नकल व किसी तरह के हस्तक्षेप से मुक्त रखने पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सबसे अहम निर्णय यह लिया गया कि फ्लाइंग टीमों की संख्या बढ़ाकर तीन सौ से अधिक की गई है। बैठक में सभी परीक्षा केंद्रों पर लैंडलाइन फोन की व्यवस्था करने का भी निर्णय लिया गया।
इसके अलावा एंट्री पर सख्ती बरतते हुए फैसला लिया गया कि बिना फोटो आईडी या प्रूफ के किसी भी अभ्यार्थी की एंट्री नहीं होने दी जाएगी। बैठक में विभिन्न जिलों से आए जिला शिक्षा अधिकारियों ने सचिव के समक्ष सवाल भी रखे। अधिकतर सवाल प्रश्र पत्रों को कहां रखने, किस समय खोलने व प्रश्र पत्रों की सुरक्षा को लेकर रहे।
साथ ही पहली बार ऑन लाइन हो रही परीक्षा के ऑनलाइन संचालन के बारे में भी जिला शिक्षा अधिकारियों ने सवाल किए। सचिव ने सभी के सवालों के जवाब दिए।
पुलिस के पहरे में होगी एच टेट परीक्षा, हर सेंटर पर होंगे आठ पुलिस कर्मी
एच टेट की परीक्षा की अंदरूनी व्यवस्था संभालने में जहां हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड और शिक्षा विभाग लगा है वहीं बाहरी हस्तक्षेप रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी तैयारी कर ली है। भिवानी जिले में 47 परीक्षा केंद्र है। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के लिए सभी पर आधा-आधा सेक्शन पुलिस बल यानी 6-6 पुलिस कर्मी नियुक्त किए है।
इनके अलावा दो-दो महिला पुलिस कर्मी तैनात की गई है। सभी पुलिस कर्मी परीक्षा से दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचेंगे। इनके अलावा घोड़ा पुलिस भी लगातार परीक्षा केंद्रों के बाहर गश्त कर भीड़ को हटाएंगे। इनके अलावा संबंधित क्षेत्र के डीएसपी व एसएचओ भी परीक्षा केंद्रों के पास गश्त करेंगे।
सभी पीसीआर और राइडर की भी ड्यूटी परीक्षा केंद्रों के आसपास लगाई गई है। परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था न बिगड़े इसके लिए ट्रैफिक एसएचओ की जिम्मेवारी लगाई है।
सभी ट्रैफिक पुलिस कर्मी सभी मुख्य मार्गों पर तैनात होकर व्यवस्था संभालेंगे। इस बारे में पुलिस अधीक्षक प्रतीक्षा गोदारा ने बताया कि एच टेट परीक्षा को सुचारु व बिना किसी बाहरी हस्तक्षेप के संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं कर ली है। सेंटर के बाहर व आसपास पुलिस फोर्स तैनात रहेगी।