भिवानी। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्वास) टीम द्वारा मंगलवार को प्रस्तावित नागरिक अस्पताल का निरीक्षण निजी कारणों से टाल दिया गया। हालांकि संभावना है कि टीम बुधवार को भिवानी पहुंचकर निरीक्षण करेगी। टीम के दौरे के मद्देनजर अस्पताल प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है और उनके आगमन की प्रतीक्षा कर रहा है।
एनक्वास टीम का मुख्य उद्देश्य नागरिक अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करना है। निरीक्षण के दौरान टीम अस्पताल भवन की स्थिति, ओपीडी, स्वच्छता व्यवस्था, प्रयोगशाला सेवाएं, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं, ऑपरेशन थिएटर, वार्डों, शौचालयों तथा कूड़ा निस्तारण प्रणाली सहित सभी जरूरी पहलुओं की बारीकी से जांच करेगी।
टीम द्वारा मेडिकल कॉलेज के लिए बनाए गए नवनिर्मित भवन में चल रही ओपीडी व्यवस्था का भी मूल्यांकन किया जाएगा। अस्पताल प्रशासन की ओर से निरीक्षण को लेकर मंगलवार को भी पूरे दिन तैयारियों की चहल-पहल बनी रही। अधिकारी और कर्मचारी अंतिम व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने में जुटे रहे। सूत्रों के अनुसार टीम का दौरा किसी निजी कारणवश स्थगित हुआ है, लेकिन नागरिक अस्पताल प्रशासन किसी भी समय निरीक्षण के लिए पूरी तरह से तैयार है।