भिवानी। देश को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक दिलाने में भिवानी के खिलाड़ियों का नाम हमेशा अग्रणी रहा है लेकिन जिले के उभरते खिलाड़ियों की स्थिति आज बेहद चिंताजनक है। खेल सुविधाओं के नाम पर जिले में एकमात्र भीम स्टेडियम खेल परिसर है जो आज बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है। मैदान टूटी बाड़ों, जर्जर जालियों और टूटी पाइप लाइनों से घिरे हैं जबकि खिलाड़ियों को पानी, बिजली और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित रहना पड़ रहा है।
अभ्यास के लिए आवश्यक खेल सामग्री खत्म हो चुकी है। जिलास्तर पर बना खेल सामान स्टोर भी अब खाली पड़ा है। यही हाल ग्रामीण क्षेत्रों में बने खेल परिसरों का भी है जहां खिलाड़ी और प्रशिक्षक अपने खर्चे से खेल सामग्री खरीदकर अभ्यास करा रहे हैं। भीम स्टेडियम कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार खेल सामग्री की मांग कई बार भेजी जा चुकी है लेकिन अभी तक कुछ नहीं पहुंचा। अंतिम बार वर्ष 2018 में सामान आया था जो अब जर्जर और अनुपयोगी स्थिति में है। वर्ष 2024 में भी एक बार फिर मांग भेजी गई थी। विभाग समय-समय पर रिपोर्ट तो मांगता है, लेकिन खिलाड़ियों की समस्या जस की तस बनी हुई है।
भीम स्टेडियम में हॉकी मैदान के हालात दयनीय
भीम स्टेडियम का हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान दस साल पहले तैयार हुआ था लेकिन अब इसकी हालत बेहद खराब है। मैदान की लाइटें, जालियां, मैट और पानी की पाइप लाइनें खराब पड़ी हैं। खिलाड़ियों को खस्ताहाल मैदान में ही अभ्यास करना पड़ रहा है। रोजाना लगभग 150 खिलाड़ी अभ्यास के लिए आते हैं जिनमें से कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं। खिलाड़ी सुबह 6 से साढ़े 7 बजे और शाम को 4 से 7 बजे तक अभ्यास करते हैं लेकिन मैदान में कोई भी उपयुक्त प्रबंध नहीं है। खिलाड़ियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द सुविधाएं दुरुस्त कराई जाएं ताकि भविष्य के उभरते खिलाड़ियों को परेशानी न हो।
जिले में इन जगहों पर चल रहे हैं हॉकी सेंटर
जिले के भीम स्टेडियम, बापोड़ा, प्रेमनगर, तिगड़ाना और खरक गांवों में हॉकी सेंटर चलाए जा रहे हैं लेकिन यहां भी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। लंबे समय से जिले में कोई नया खेल सामान नहीं आया जिस कारण भीम स्टेडियम स्थित स्टोर भी खाली हो चुका है।
जिले के हॉकी खिलाड़ियों के लिए जरूरी खेल सामान
खेल सामान का नाम
संख्या
हॉकी स्टिक 32 इंच
20
हॉकी स्टिक 33 इंच
20
हॉकी स्टिक 34 इंच
2000
हॉकी स्टिक 36 इंच
2000
हॉकी स्टिक 37.5 इंच
2000
हॉकी बॉल
10000
मिनी शिन गार्ड
200 जोड़ी
मीडियम शिन गार्ड
200 जोड़ी
बड़ा शिन गार्ड
200 जोड़ी
गोलकीपर किट (बड़ी साइज)
8 सेट
गोलकीपर किट (मीडियम साइज)
6 सेट
हॉकी गोल पोस्ट
8 जोड़ी
हॉकी गोल पोस्ट (मिनी स्ट्रीट फोल्डेबल)
8 जोड़ी
हॉकी गोल पोस्ट नेट
16 जोड़ी
फेस मास्क
16
माउथ गार्ड
200
कॉर्नर फ्लैग
16
रीबाउंड बोर्ड
8
हॉकी मशीन
2
हैंड ग्लव्स 100
हॉकी बॉल कैरी ट्रॉली 4
गोलकीपर छोटी किट
4
चेतावनी कार्ड (पीला, लाल, हरा)
2
गोलकीपर किट बैग
4
स्टिक बैग
100
हॉकी शूज (5,6,7,8)
प्रत्येक नंबर में 200 जोड़ी
हॉकी कोचिंग बोर्ड (स्टैंड सहित)
4
फील्ड मार्कर
2 बॉक्स
भीम स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। खेल सामग्री की मांग के लिए विभाग को पत्र भेजा गया है। विभाग समय-समय पर सुविधाओं की जानकारी भी लेता है। सामान आते ही खिलाड़ियों में वितरित किया जाएगा। - विद्यानंद यादव, जिला खेल अधिकारी, भिवानी।