पीपली वाली जोहड़ी स्थित नई बस्ती की गली में जमा पानी
भिवानी। हनुमान गेट पीपली वाली जोहड़ी स्थित नई बस्ती के लोगों की उम्मीदें अब पानी में बहती नजर आ रही हैं। गली में भरे बारिश और सीवरेज के पानी ने उन्हें जैसे उनके ही घरों में कैद कर दिया है। इसी पीड़ा को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम शिकायत पत्र सौंपा जिसमें उन्होंने गली को ऊंचा उठवाने और सीवरेज निकासी की व्यवस्था करवाने की मांग की है।
सर्व समाज भाईचारा जनसेवा समिति के महासचिव बलवान सिंह दरोगा ने बताया कि इस क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह से जाम है। आए दिन सीवर का पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर फैल जाता है और बारिश के मौसम में स्थिति और भी भयानक हो जाती है।
उन्होंने कहा कि यह गली निचले क्षेत्र में है, और जैसे ही बारिश होती है पूरा इलाका जलमग्न हो जाता है। हालत यह हो चुकी है कि घरों से निकलना दूभर हो गया है और बच्चे स्कूल तक नहीं जा पा रहे। स्थिति इसलिए और गंभीर है क्योंकि गली के सामने की सड़क को ऊंचा कर दिया गया, जिससे अब यह गली और ज्यादा नीची हो गई है और जलभराव का स्थायी ठिकाना बन गई है।
बलवान सिंह ने बताया कि गली का सीवरेज निकास ढाणा रोड बूस्टर की ओर है और चूंकि यह गली अंत में पड़ती है इसलिए यहां से पानी की निकासी नहीं हो पाती। नतीजा यह है कि बारिश और सीवरेज का पानी मिलकर गली में जमा हो जाता है, जिससे भयंकर दुर्गंध फैलती है और मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है और लोग अपने ही घरों में कैद होकर रह गए हैं।
उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों को कई बार शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई जिससे लोगों में नाराजगी है। अंततः मुख्यमंत्री से अपील की गई है कि वे इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन को तत्काल निर्देश जारी करें, ताकि इस संकट से राहत मिल सके और लोगों को दोबारा सामान्य जीवन मिल सके।