हिस्ट्रीशीटर के फोन पर धमकी देने के मामले में थाने पहुंचे कस्बे के व्यापारी। संवाद
- फोटो : Bhiwani
तोशाम। कस्बा तोशाम में शनिवार की रात करीब नौ बजे मैचिंग सेंटर व कॉस्मेटिक्स की दुकान संचालक को फोन पर धमकाकर हिस्ट्रीशीटर ने 30 लाख रुपये मांगे। रुपये न देने पर दुकानदार को जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले के बाद रविवार को कस्बे के व्यापारी एकत्रित होकर तोशाम थाना में पहुंचे। पीड़ित व्यापारी ने तोशाम पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। वहीं आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। व्यापारी की शिकायत पर तोशाम पुलिस ने दो हिस्ट्रीशीटर समीर और उसके साथी सुनील के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में तोशाम निवासी सतीश कुमार उर्फ अन्नू ने बताया कि कस्बे में उसकी मैचिंग सेंटर व कॉस्मेटिक्स की दुकान है। कई बार उसके पास धौंस में रुपये देने के लिए फोन आ रहे थे। शनिवार रात को करीब 9 बजे तोशाम निवासी समीर के नंबर से फोन आया। जिसके बाद तोशाम निवासी सुनील ने बात की। सुनील ने सतीश कुमार उर्फ अन्नू को तीस लाख रुपये देने की बात कहकर फोन काट दिया। थोड़ी देर बाद सुनील ने दूसरे नंबर से फोन किया और कहा कि अगर पैसे का इंतजाम नहीं किया तो उसके पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा। सतीश ने बताया कि रविवार को भी धमकी भरा मैसेज आया है और धौंस में रुपये की मांग कर रहे हैं। इसके साथ मंथली भी मांग रहे हैं। नहीं देने पर पूरे परिवार को खत्म करने धमकी दे रहे हैं। धमकी के बाद सतीश ने कस्बे के व्यापारियों को एकत्रित किया और उसके बाद व्यापारी थाने पहुंचे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
वर्जन-
व्यापारी की शिकायत पर समीर और सुनील के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हिस्ट्रीशीटर समीर पर फिरौती मांगने के आरोप हैं। उसके खिलाफ थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। समीर तोशाम थाने का हिस्ट्रीशीटर है। थाने में चोरी सहित कई मामले दर्ज हैं।
- जय सिंह, थाना प्रभारी, तोशाम थाना