जिला नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग में सड़क हादसे में घायलों का उपचार करते चिकित्सक। संवाद
भिवानी। दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709 ई पर गांव देवसर के समीप शुक्रवार शाम तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने बाइक सवार देवसर निवासी विनोद (40) और उनके बेटे लवप्रीत (13) को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अनियंत्रित गाड़ी ने आगे दौड़ रही ई रिक्शा को भी टक्कर मार दी। इससे ई रिक्शा में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक को गंभीर हालात के चलते पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। हादसे के बाद गाड़ी चालक मौके से भाग गया।
गांव देवसर निवासी विनोद और लवप्रीत भिवानी से शुक्रवार शाम करीब सवा सात बजे बाइक पर गांव देवसर जा रहे थे। गांव से कुछ दूर पहले ही पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार गाड़ी ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद गाड़ी ने सामने जा रही ई रिक्शा को भी टक्कर मार दी। इससे ई रिक्शा में सवार गांव देवसर निवासी रमेश, राकेश और कृष्ण घायल हो गए।। उन्हें राहगीरों की मदद से जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद जूईकलां पुलिस थाना एसएचओ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फिर अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
-
परिजनों के बयान दर्ज कर कर जाएगी आगामी कार्रवाई
जांच अधिकारी एसआई उदयभान ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। हादसे मे पिता-पुत्र की मौत हो गई तीन लोग घायल हुए हैं। मामले की जांच जारी है। शवों का शनिवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। परिजनों के बयान दर्ज कर गाड़ी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।