हांसी गेट पर दुकानों के आगे टूटे पोल को जेसीबी से हटवाते बिजली निगम कर्मचारी।
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। मंगलवार अल सुबह करीब सवा 3 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक में तार उलझने से हांसी चौक पर लगा एक एच पोल और ट्रांसफार्मर सड़क पर आ गिरा। जिससे हांसी गेट चौक व आसपास की करीब 80 दुकानों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस दौरान ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के समय सड़क पर कोई नहीं था, इसलिए बड़ा हादसा बच गया। वहीं टूटा पोल, ट्रांसफार्मर और तार गिर जाने के कारण मंगलवार सुबह हांसी गेट क्षेत्र में वाहनों का जाम लगा रहा। वहीं दुकानदार ट्रांसफार्मर यहां लगाने की बजाय अशोका रोड पर लगाने की मांग कर रहे हैं।
महम रोड की तरफ से मंगलवार अल सुबह 03:17 बजे पर एक तेज रफ्तार ट्रक घंटाघर की तरफ आता हुआ सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिया। ट्रक के ऊपरी हिस्से में स्ट्रीट लाइट की वायर उलझ गई। जिस कारण हांसी चौक पर एक दुकान के आगे एच-पोल पर टिका ट्रांसफार्मर तेज धमाके के साथ सड़क पर आ गिरा। इस दौरान हांसी चौक पर रात को तैनात पुलिस कर्मचारियों ने ट्रक का कुछ दूर पीछा भी किया गया, लेकिन आरोपी चालक फरार हो गया। हांसी गेट क्षेत्र के जेई वजीर सिंह ने बताया कि एचपोल टूटने की वजह से ट्रांसफार्मर डैमेज हो गया। इस वजह से निगम को तीन लाख 84 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। ट्रांसफार्मर लगाने का काम रुकवा दिया गया है। अब पुलिस सुरक्षा लेकर काम शुरू कराया जाएगा।
हांसी गेट पर ट्रांसफार्मर लगाने का विरोध, अशोका रोड पर लगाने की मांग
निगम कर्मचारियों ने सुबह सड़क पर बिखरे तारों को समेटकर एचपोल लगाकर ट्रांसफार्मर लगाने का काम शुरू किया तो हांसी गेट व्यापारियों ने इसका विरोध कर दिया। हांसी गेट पर 80 प्रतिष्ठानों की बिजली आपूर्ति मंगलवार शाम तक बहाल नहीं हुई। दुकानदारों ने चेतावनी दी कि अगर 10 दिन बिजली नहीं आए तो कोई फर्क नहीं पड़ेगा, मगर यहां नहीं लगने देंगे। मौके पर पहुंचे ठेकेदार के कर्मचारियों को भी खदेड़ दिया। वहीं निगम कर्मचारी बोले कि बिजली आपूर्ति बहाल करना प्राथमिकता है। जगह के संबंध में विवाद बाद में भी सुलझाया जा सकता है। वहीं दुकानदारों का तर्क था कि एक दुकान से महज दो फीट दूर ही बिजली का ट्रांसफार्मर है। इस हादसे में अगर ट्रांसफार्मर दुकान पर गिरता तो यहां तबाही मच सकती थी। वहीं दुकानदारों व ग्राहकों को खतरा बना रहता है। हांसी गेट दुकानदार एसोसिएशन के प्रधान प्रेम धमीजा ने बताया कि दुकान के पास ट्रांसफार्मर लगाने की बजाए अशोका रोड पर लगाए। शौचालय के समीप निगम ने एच-पोल और स्विच के साथ वायर लगाई हुई हैं, लेकिन रिश्वत नहीं देने पर कुछ अधिकारियों ने ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने का काम बीच में ही रोक दिया था। इस मामले की शिकायत भी डीसी, निगम के चेयरमैन को भेजी है। पहले भी यहां हादसे हो चुके हैं, जिसकी वीडियो भी निगम अधिकारियों को भेजी गई थी। मगर कोई संज्ञान नहीं लिया गया।