बवानीखेड़ा। थाना बवानीखेड़ा पुलिस ने मादक पदार्थ हेरोइन की खरीद-फरोख्त में शामिल एक विक्रेता और दो खरीदारों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में गौतम और दिनेश गांव नौरंगाबाद के निवासी हैं जबकि तस्कर अमित निवासी रैनकपुरा खोखरा कोट का रहने वाला है।
पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार थाना बवानीखेड़ा के सहायक उप निरीक्षक संदीप सोमवार को गश्त के दौरान भिवानी रोड स्थित बवानीखेड़ा क्षेत्र में मौजूद थे। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सीएनजी पंप जाटू लोहारी के नजदीक एक स्कॉर्पियो गाड़ी में दो युवक मादक पदार्थ हेरोइन लेकर बैठे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारकर गाड़ी सवार दोनों युवकों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों से 4.56 ग्राम हेरोइन बरामद हुई वहीं स्कॉर्पियो गाड़ी को भी कब्जे में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने यह मादक पदार्थ अमित निवासी रैनकपुरा खोखरा कोट से 8,200 रुपये में खरीदा था। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी अमित को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से अदालत ने गौतम और अमित को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए जबकि आरोपी दिनेश को जमानत पर रिहा कर दिया गया।