नागरिक अस्पताल में बैठने की जगह नहीं मिलने पर फर्श पर लेटे मरीज।
भिवानी। चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल के एक्स-रे और एमआरआई केंद्र के बाहर मरीजों की बढ़ती भीड़ के बीच व्यवस्थाओं की कमी सामने आई है। बैठने की पर्याप्त सुविधा नहीं होने के कारण मरीजों और उनके तीमारदारों को घंटों इंतजार के दौरान जमीन पर बैठने और लेटने को मजबूर होना पड़ रहा है। सोमवार को फर्श पर लेटे मरीजों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे।
एक्स-रे और एमआरआई केंद्र में प्रतिदिन करीब 300 मरीज जांच के लिए पहुंचते हैं। केंद्र के बाहर सीमित संख्या में कुर्सियां उपलब्ध होने के कारण सुबह ही सभी सीटें भर जाती हैं। इसके बाद बुजुर्ग, फ्रैक्चर और गंभीर दर्द से परेशान मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को कई बार तकनीकी कारणों या अधिक भीड़ के चलते लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में बैठने की उचित व्यवस्था नहीं होने से उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन से मरीजों की सुविधा के लिए पर्याप्त कुर्सियों और अन्य व्यवस्थाओं की मांग की है।
नागरिक अस्पताल के प्रभारी डॉ. बलवान सिंह ने बताया कि एक्स-रे जांच केंद्र के बाहर मरीजों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त कुर्सियों की व्यवस्था करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना अस्पताल की प्राथमिकता है।