ढिगावामंडी (भिवानी)। गांव ढाणी लक्ष्मण की शिक्षिका मनीषा के मौत मामले में सोमवार को पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में फिर सुनवाई होगी। उम्मीद है कि सीबीआई इस दौरान अपनी क्लोजर रिपोर्ट अदालत में दाखिल करेगी।
क्लोजर रिपोर्ट पेश करने के लिए यह तीसरी तारीख है इससे पहले 18 और 28 अगस्त को भी रिपोर्ट दाखिल नहीं हो सकी थी।
18 अगस्त और 28 अगस्त को सीबीआई को अदालत में क्लोजर रिपोर्ट पेश करनी थी। दोनों बार सीबीआई ने जांच पूरी न होने और कुछ अन्य तथ्यों के सत्यापन का हवाला देते हुए अदालत से अतिरिक्त समय मांगा था। इसके चलते दोनों तारीखों पर रिपोर्ट पेश नहीं हो सकी।
पिता बोले- सच्चाई का अब भी इंतजार
मनीषा के पिता संजय कुमार ने बताया कि बेटी की मौत को कई महीने बीत चुके हैं। पहले हरियाणा पुलिस और अब सीबीआई मामले की जांच कर रही है लेकिन आज तक परिवार को यह भी पता नहीं चला कि उनकी बेटी के साथ आखिर हुआ क्या था। उन्होंने कहा कि हर पेशी पर उन्हें पंचकूला जाना पड़ता है और हर बार नई तारीख मिल जाती है। पिता संजय ने कहा कि उन्हें सीबीआई पर पूरा भरोसा है लेकिन न्याय में इतनी देरी से मन में नाराजगी है। गांव-समाज के लोग भी रोज सवाल पूछते हैं। परिवार चाहता है कि क्लोजर रिपोर्ट जल्द अदालत में आए ताकि सच्चाई सामने आ सके। रिपोर्ट मिलने के बाद ही वे अपने वकीलों से सलाह कर अगला कदम उठाएंगे। जरूरत पड़ी तो रिपोर्ट को अदालत में चुनौती भी देंगे।