भिवानी। स्वास्थ्य विभाग में सूई पीएचसी के तहत आने वाले रामुपुरा सब हेल्थ सेंटर में निरीक्षण के लिए पहुंचे हेल्थ सुपरवाइजर के साथ एक महिला कर्मी द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। हेल्थ सुपरवाइजर ने महिला कर्मी पर उसके साथ मारपीट करने के आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत बवानीखेड़ा पुलिस थाना में दी है। वहीं मारपीट के बाद चोटों का इलाज कराने के लिए नागरिक अस्पताल भिवानी में भी दाखिल हो गया।
वहीं महिला हेल्थ कर्मी ने कोई मारपीट नहीं किए जाने की बात कही है। फिलहाल बवानीखेड़ा पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सब हेल्थ सेंटर के अंदर हुई इस घटना की सूचना स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी दी गई है। बवानीखेड़ा पुलिस को दी शिकायत में हेल्थ सुपरवाइजर ने बताया कि वह शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे रामुपुरा सब हेल्थ सेंटर पर निरीक्षण के लिए गया था। उसके साथ महिला हेल्थ सुपरवाइजर भी मौजूद थी। उसने बताया कि इन दिनों स्वास्थ्य विभाग का रेपिड फीवर मास सर्वे चल रहा है। जिसके तहत हेल्थ सब सेंटर पर तैनात कर्मचारियों को घर-घर जाकर बुखार से संबंधित मरीजों की जांच करनी अनिवार्य है। उसने बताया कि जिस समय वह हेल्थ सब सेंटर पर पहुंचे तो वहां एक महिला कर्मी मौजूद थी जो एनएचएम के तहत लगी है। उसने रेपिड फीवर मास सर्वे से जुड़ी गतिविधियों की जांच शुरू ही की थी कि रजिस्टर जांचने के दौरान महिला ने अपनी कुर्सी से उठाकर उसकी गर्दन पर ताबड़ तोड़ थप्पड़ जड़ने शुरू कर दिए। जब तक वह कुछ समझ पाता महिला कई बार उस पर थप्पड़ बरसा चुकी थी। उसकी आवाज सुनकर बाहर मौजूद महिला कर्मी अंदर पहुंची तो उसने मारपीट से ही साफ इन्कार कर दिया। जिसके बाद उसने मामले की लिखित शिकायत बवानीखेड़ा पुलिस थाना में दी वहीं गर्दन पर थप्पड़ से सूजन व दर्द की वजह से नागरिक अस्पताल भिवानी में पहुंचा। जहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया।
बवानीखेड़ा पुलिस थाने में हमारे पास एक स्वास्थ्य कर्मचारी की तरफ से लिखित शिकायत दी गई थी। जिसके संबंध में स्वास्थ्य विभाग को भी सूचित किया गया है। इस मामले में विभाग अपने स्तर पर भी मामले की जांच कराएगा। जिसके बाद पुलिस इस मामले में आगामी कार्रवाई करेगी।
-श्रीभगवान यादव, एसएचओ, बवानीखेड़ा पुलिस थाना।