हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों की पूरक परीक्षाएं गुरुवार से शुरू होकर आठ नवंबर तक संचालित होंगी। परीक्षा का समय दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक रहेगा।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव एवं सचिव ज्योति मित्तल ने बताया कि सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी शैक्षिक, मुक्त विद्यालय कम्पार्टमेंट, री-अपीयर, सीटीपी, अतिरिक्त विषय व अंक सुधार विषय की परीक्षा 19 अक्तूबर से आठ नवंबर तक संचालित होंगी। परीक्षा में प्रदेशभर में 109 परीक्षा केंद्रों पर 94,708 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें 59,170 छात्र व 35,535 छात्राएं और तीन ट्रांसजेंडर शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सेकेंडरी शैक्षिक परीक्षा में 18,989 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें 10,972 छात्र, 8,016 छात्राएं और एक ट्रांसजेंडर तथा सीनियर सेकेंडरी शैक्षिक परीक्षा में 14,585 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें 10,315 छात्र, 4,269 छात्राएं व एक ट्रांसजेंडर शामिल हैं।
इसी प्रकार सेकेंडरी मुक्त विद्यालय की परीक्षा में 28,787 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें 17,196 छात्र, 11,590 छात्राएं व एक ट्रांसजेंडर और सीनियर सेकेंडरी मुक्त विद्यालय की परीक्षा में 32,347 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें 20,687 छात्र व 11,660 छात्राएं शामिल हैं। परीक्षा केंद्रों के औचक निरीक्षण के लिए 26 प्रभावी उड़नदस्तों का गठन किया है।
सभी परीक्षा केंद्रों पर एक-एक आब्जर्वर नियुक्त किया है। बोर्ड सचिव ने बताया कि सभी पात्र परीक्षार्थियों को अनुक्रमांक जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा आरंभ होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है।