हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सीनियर सेकेंडरी परीक्षाएं 30 मार्च से तो सीनियर सेकेंडरी परीक्षाएं 31 मार्च से होंगी। बोर्ड प्रशासन ने वीरवार को डेटशीट जारी कर दी। बोर्ड की वेबसाइट www.bseh.org.in पर डेटशीट देखी जा सकती है। ये परीक्षाएं ऑफलाइन होंगी।
बोर्ड अध्यक्ष प्रो. जगबीर सिंह ने वीरवार को बताया कि सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय/रि-अपीयर/अतिरिक्त व अंक सुधार) की परीक्षाएं 31 मार्च से आरंभ होकर 26 अप्रैल तक चलेंगी। सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय/रि-अपीयर/अतिरिक्त व अंक सुधार) की परीक्षाएं 30 मार्च से आरंभ होकर 29 अप्रैल तक चलेंगी।
परीक्षाएं एक ही सत्र दोपहर 12:30 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक होंगी। इन परीक्षाओं में कुल छह लाख 68 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जिसमें सेकेंडरी की परीक्षा में तीन लाख 78 हजार व सीनियर सेकेंडरी की परीक्षा में दो लाख 90 हजार परीक्षार्थी प्रविष्ट होंगे।
40-40 अंक के होंगे ऑब्जेक्टिव व सब्जेक्टिव प्रश्न
पाठ्यक्रम 30 प्रतिशत कम किया गया है। परीक्षा में 40 अंक के ऑब्जेक्टिव व 40 अंक के सब्जेक्टिव प्रश्न पूछे जाएंगे। 20 अंक आंतरिक मूल्यांकन के होंगे।
परीक्षा के दौरान खेल प्रतियोगिता होगी बाद में दे सकेंगे परीक्षा
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तरों पर खेलने वाले प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ी, जो इनमें से किसी भी परीक्षा में प्रविष्ट हो रहे हो और उनकी प्रतियोगिताएं भी परीक्षा के दौरान ही आयोजित हो रही हों। बोर्ड की ओर से उन्हें छूट देते हुए उनकी परीक्षाएं बाद में ली जाएंगी। जिसके लिए ऐसे खिलाड़ियों को 15 मार्च तक शिक्षा बोर्ड को लिखित में प्रार्थनापत्र देना जरूरी होगा।
सेकेंडरी की यह रहेगी डेटशीट
10वीं की परीक्षा में कोरोना के खतरे को भांपते हुए छुट्टियां भी काफी की गईं। सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय/रि-अपीयर/अतिरिक्त व अंक सुधार) की सामाजिक विज्ञान की परीक्षा 31 मार्च को, अंग्रेजी विषय की परीक्षा 04 अप्रैल को, हिंदी विषय की परीक्षा 06 अप्रैल को, गणित/गणित विषय (केवल दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों के लिए) परीक्षा 11 अप्रैल को, विज्ञान/ विज्ञान विषय (केवल दृष्टिबाधित परीक्षार्थी के लिए) की परीक्षा 19 अप्रैल को, शारीरिक व स्वास्थ्य शिक्षा/संस्कृत/उर्दू/ड्राइंग/कृषि/कंप्यूटर साइंस/गृह विज्ञान व संस्कृत साहित्य (केवल गुरुकुल/संस्कृत विद्यापीठों के लिए) एवं विभिन्न ऐच्छिक विषयों की परीक्षा 21 अप्रैल को, खुदरा/सुरक्षा/ऑटोमोबाइल/आईटी व आईटीईएस/ सौंदर्य और कल्याण/कृषि एवं धान की खेती/ रोगी देखभाल सहायक/शारीरिक शिक्षा और खेल/ बैंकिंग एवं वित्त सेवाएं इत्यादि की परीक्षा 22 अप्रैल को एवं पंजाबी/आईटी/आईटीईएस (सूचना प्रौद्योगिकी) एवं संस्कृत व्याकरण (केवल गुरुकूल/संस्कृत विद्यापीठों के लिए) विषयों की परीक्षा 26 अप्रैल को संचालित होंगी।
सीनियर सेकेंडरी की यह रहेगी डेटशीट
बोर्ड सचिव कृष्ण कुमार ने बताया कि सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय/रि-अपीयर/अतिरिक्त व अंक सुधार) की हिंदी (कोर/ऐच्छिक)/ अंग्रेजी विशेष विषय की परीक्षा 30 मार्च को, भौतिकी विज्ञान/अर्थशास्त्र विषयों की परीक्षा 1 अप्रैल को, ललित कला (सभी विकल्प) एवं संस्कृत साहित्य वेद सिद्धांत (केवल गुरुकुल/संस्कृत विद्यापीठों के लिए) विषयों की परीक्षा 2 अप्रैल को, गणित विषय की परीक्षा 5 अप्रैल को, शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा 7 अप्रैल को, गृह विज्ञान की परीक्षा 8 अप्रैल को, अंग्रेजी (कोर/ऐच्छिक) विषय की परीक्षा 9 अप्रैल को, सैनिक विज्ञान/नृत्य (सभी विकल्प)/मनोविज्ञान एवं संस्कृत व्याकरण भाग-1 (केवल गुरुकुल/संस्कृत विद्यापीठों के लिए) विषयों की परीक्षा 11 अप्रैल को, पंजाबी विषय की परीक्षा 12 अप्रैल को, रसायन विज्ञान/लेखांकन/लोक प्रशासन विषयों की परीक्षा 13 अप्रैल को, भूगोल विषय की परीक्षा 18 अप्रैल को, कंप्यूटर विज्ञान /आईटीईएस (सूचना प्रौद्योगिकी) विषयों की परीक्षा 19 अप्रैल को, इतिहास/जीव विज्ञान विषयों की परीक्षा 20 अप्रैल को, कृषि एवं दर्शनशास्त्र की परीक्षा 21 अप्रैल को, संस्कृत/उर्दू /बायोटेक्नोलॉजी विषयों की परीक्षा 22 अप्रैल को, समाजशास्त्र/उद्यमिता विषयों की परीक्षा 26 अप्रैल को, राजनीति विज्ञान विषय की परीक्षा 27 अप्रैल को, संगीत हिंदुस्तानी (सभी विकल्प)/व्यवसायिक अध्ययन विषयों की परीक्षा 28 अप्रैल को और खुदरा/सुरक्षा/ऑटोमोबाइल/आईटी व आईटीईएस/रोगी देखभाल सहायक/शारीरिक शिक्षा और खेल/सौंदर्य और कल्याण और स्टेनोग्राफी (हिंदी/अंग्रेजी)/यात्रा पर्यटन एवं आतिथ्य/कृषि धान की खेती/मीडिया एनीमेशन/ बैंकिंग एवं वित्त सेवाएं एवं संस्कृत व्याकरण भाग-2 (केवल गुरुकुल/संस्कृत विद्यापीठों के लिए) आदि विषयों की परीक्षा 29 अप्रैल,2022 को संचालित होंगी।
दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विशेष सुविधाएं
बोर्ड सचिव ने बताया कि चिल्ड्रन विद स्पेशल नीड की सुविधा के दृष्टिगत विशेष विद्यालयों में पढ़ रहे दिव्यांग परीक्षार्थियों के सभी प्रकार के शुल्क माफ कर दिये गए हैं। उन्होंने बताया कि हिसार, करनाल, गुरुग्राम स्थित विशेष विद्यालयों के परीक्षार्थियों के लिए उन्हीं के विद्यालय भवनों में परीक्षा केंद्र निशुल्क स्थापित किए गए हैं। दृष्टिहीन व अपने हाथ से न लिख पा सकने वाले परीक्षार्थियों को लेखक की सुविधा व परीक्षा के निर्धारित समय में अतिरिक्त समय की व्यवस्था है। दृष्टिहीन/दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों को ब्रेल लिपि में, बड़े प्रिंट में प्रश्नपत्र व कंप्यूटर आदि प्रदान किए जाने के प्रावधान हैं। इसके अतिरिक्त परीक्षार्थियों को सहायक उपकरण जैसे - ब्रेल फ्रेम, अबेकस, ब्रेल मीजर टेप, मैग्नीफाइंग ग्लास आदि परीक्षा में लाने की अनुमति है। दृष्टिहीन व दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षा, गणित में ज्योमैट्री की परीक्षा में छूट है और बोर्ड द्वारा 10वीं की गणित व विज्ञान विषय के अलग से प्रश्नपत्र तैयार करवाए जाते हैं तो अन्य विषयों हेतु चित्र वाले प्रश्नों के स्थान पर वैकल्पिक प्रश्न दिए जाते हैं।
1700 परीक्षा केंद्र बनेंगे
बोर्ड अध्यक्ष प्रो. जगबीर सिंह ने बताया कि परीक्षाओं के संचालन के लिए प्रदेशभर में करीब 1700 परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। वहीं, उन्होंने बताया कि परीक्षाओं को नकलरहित संचालित करने के लिए 250 उड़नदस्ते बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अभी परीक्षा केंद्रों की लिस्ट फाइनल नहीं हुई है।