हांसी-भिवानी मार्ग पर पिकअप की टक्कर से प्रवासी मजदूर विनेश की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के लिए नागरिक अस्पताल में रखवाया। लेकिन मृतक के परिजनों ने पिकअप चालक की गिरफ्तारी से पहले पोस्टमार्टम करवाने के लिए मना कर दिया। कुछ घंटों के लिए पजिरनों का हंगामा जारी रहा। सदर थाना प्रभारी रमेंश चंद्र ने मौके पर पहुंच परिजनों को आरोपी की जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया और समझाया।
जिसके बाद मृतक के परिजन शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए तैयार हुए। और कुछ घंटों के हंगामा के बाद ही पुलिस की पोस्टमार्टम के लिए आगामी कार्रवाई शुरू हो पाई। इस मामले में पुलिस ने मृतक के बेटे अमित की शिकायत पर पिकअप चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर आगामी कार्रवाई में जुट गई।
सदर थाना पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ दर्ज किया केस
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के बेटे अमित ने बताया कि वह अपने पिता व अन्य व्यक्ति मुकेश के साथ मजदूरी करने के लिए गांव तिगड़ाना गए थे। शुक्रवार शाम को करीब छह बजे वे तिगड़ाना से मजदूरी करके भिवानी अपने हाल निवास भारत नगर आ रहे थे। जब वे हांसी रोड पर स्थित केसीएम स्कूल के समीप पहुंचे तो तिगड़ाना मोड़ की तरफ से आ रही एक पिकअप गाड़ी ने उसके पिता को पीछे से टक्कर मार दी। जिसके कारण उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने राहगीरों की मदद से अपने पिता को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया।
जहां चिकित्सकों ने उसके पिता को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवा दिया था। शनिवार को जब पुलिस पोस्टमार्टम कार्रवाई करने लगी तो परिजनों ने पिकअप चालक की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा कर दिया। दोपहर बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।