हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का मुख्य गेट।
भिवानी। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड साल में दो बार हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) कराने की तैयारी में जुटा है। नवंबर में परीक्षा होने के आसार नहीं हैं और अब दिसंबर के अंत तक आयोजन की संभावना जताई जा रही है।
बोर्ड ने पहले नवंबर में परीक्षा कराने का दावा किया था। हालांकि आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद परीक्षा आयोजन के लिए करीब एक माह का समय चाहिए। इस दौरान प्रश्नपत्र तैयार करने से लेकर परीक्षा केंद्रों के गठन तक की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। ऐसे में दिसंबर के अंत तक परीक्षा होने की संभावना है। बोर्ड प्रशासन के अनुसार तैयारियां जारी हैं और जल्द ही तारीख तय की जाएगी।
एचटेट-2025 के नए पात्रों को बायोमेट्रिक का एक और मौका
बोर्ड ने हाल ही में एचटेट-2025 का परीक्षा परिणाम संशोधित किया था। इसके बाद नए पात्र अभ्यर्थियों की चार अक्तूबर को बायोमेट्रिक कराई गई थी। बोर्ड प्रशासन इन अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक के लिए एक और अवसर देगा। दिसंबर में संभावित परीक्षा के लिए करीब सवा दो लाख अभ्यर्थियों के आवेदन करने की उम्मीद है। पिछली एचटेट में दो लाख 33 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।
बोर्ड सचिव दीपक बाबूलाल कारवा ने बताया कि एचटेट के आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं और जल्द तारीख घोषित की जाएगी। उन्होंने दिसंबर के अंत तक परीक्षा होने की संभावना जताई। फिलहाल परीक्षा की तारीख घोषित नहीं हुई है। उन्होंने एचटेट-2025 के नए पात्र अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक के लिए एक और अवसर देने की भी पुष्टि की।