हरियाणा में कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की तरफ से राजकीय आईटीआई में दाखिला लेने के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 25 जून कर दी गई है। 25 तारीख तक विद्यार्थी दाखिला के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
राजकीय आईटीआई में दाखिला के लिए बुधवार को करीब 5750 आवेदन प्राप्त हुए। इसके बाद शाम को कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के द्वारा अंतिम तारीख को चार दिन और बढ़ाया गया।
आवेदन में 83 प्रतिशत छात्र तो सिर्फ 16 प्रतिशत छात्राएं शामिल
हरियाणा सरकार की तरफ से राजकीय आईटीआई में छात्राओं के लिए 30 प्रतिशत सीटें रिजर्व कर रखी है। बुधवार शाम छह बजे तक दाखिला के लिए आवेदनकर्ताओं में छात्राओं की भागीदारी सिर्फ 16.40 प्रतिशत थी, जो कि छात्रों के 83.54 प्रतिशत के मुकाबले काफी कम है। बुधवार शाम तक आईटीआई में 65971 आवेदन किए गए हैं। इनमें छात्राओं की संख्या 10777 हैं, जबकि छात्रों की संख्या 43254 हैं। इसके अलावा आईटीआई में दाखिला के लिए 48 ट्रांसजेंडर ने भी आवेदन किया है।
अन्य प्रदेशों के विद्यार्थी भी कर रहे आवेदन
आईटीआई में दाखिले के लिए बुधवार तक प्रतिदिन करीब पांच हजार आवेदन किए जा रहे थे। बुधवार तक दाखिला के लिए 65971 आवेदकाें ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। इनमें से 1893 रजिस्ट्रेशन कर्ता हरियाणा से बाहरी राज्य के थे। सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन करने के मामले में भिवानी जिला प्रदेशभर में पहले स्थान पर है। जबकि इस मामले में जींद दूसरे और हिसार तीसरे स्थान पर है।
आवेदन करने की अंतिम तारीख 25 जून तक बढ़ा दी गई है। आईटीआई में दाखिला के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। आईटीआई में दाखिला के इच्छुक आवेदक अंतिम तारीख से पहले अपना रजिस्ट्रेशन करवाना सुनिश्चित कर लें।
-जय भगवान, वर्ग अनुदेशक, आईटीआई ब्यॉज भिवानी।