हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) का परिणाम घोषित करने के बाद मार्च में होने वाली सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को डेटशीट भी जारी कर दी। इस बार बोर्ड परीक्षा में करीब 7.33 लाख परीक्षार्थी सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी की परीक्षाएं देंगे। पिछले वर्ष करीब चार लाख 71 हजार ने ये परीक्षाएं दी थीं। बच्चों की संख्या बढ़ने के साथ ही इस बार बोर्ड अधिकारियों को ज्यादा सेंटर बनाने होंगे। बोर्ड अधिकारी पिछली बार की तरह इस बार भी नकल रहित कराने के लिए विशेष उड़नदस्ते नियुक्त करने और नकल रोकने के लिए विशेष योजना बनाने में जुट गए हैं।
इस बार सबसे बड़ा बदलाव सेकेंडरी का अंग्रेजी का पेपर सबसे पहले कराने की बजाय बीच में कराने का फैसला लिया गया है। यह शिक्षकों की मांग पर हुआ है। पिछले वर्ष 60 हजार परीक्षार्थियों की सेकेंडरी में अंग्रेजी पेपर में रि-अपीयर थी। शिक्षकों का तर्क था कि यह सबसे पहले होता है। इसलिए बच्चे नर्वस रहते हैं। बच्चों के हित को देखते हुए बोर्ड ने इस बार शुरुआत सामाजिक विज्ञान से करने का निर्णय लिया है। इसी तरह सीनियर सेकेंडरी परीक्षाओं की शुरुआत भी आसान कहे जाने वाले हिंदी विषय से होगी। सेकेंडरी के बच्चों को अंग्रेजी विषय की परीक्षा से पहले चार दिन की छुट्टी दी गई है, ताकि परीक्षार्थी बेहतर तरीके से तैयारी कर सकें। यह परीक्षा 12 मार्च को होगी। इससे पहले सात मार्च को सेकेंडरी की परीक्षा है। पिछले वर्ष सीनियर सेकेंडरी में थे एक लाख 05 हजार 947 तो सेकेंडरी में तीन लाख 64 हजार 967 परीक्षार्थी थे।
अध्यापकों की मांग और बच्चों का हित देखते हुए इस बार अंग्रेजी विषय का पेपर पहले कराने की बजाए बाद में कराने का निर्णय लिया गया है। इसमें छुट्टियां भी दी गई है ताकि बच्चे बेहतर तरीके से तैयारी कर सके। इस बार भी बोर्ड का ध्येय नकल रहित, अकल सहित परीक्षा कराना है। नकल रोकने के लिए पुख्ता प्लानिंग बनाई जाएगी।
- डॉ. जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड