भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं व बारहवीं कक्षाओं की परीक्षा समापन की ओर है। बोर्ड परीक्षा के बाद अब परीक्षा परिणाम को लेकर अधिकारियों ने रणनीति तय कर ली है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं का परिणाम 45 दिनों के भीतर आएगा। इसके लिए प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अब उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन का कार्य ऑनलाइन नहीं बल्कि मैनुअल तरीके से ही कराया जाएगा।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं व बारहवीं की परीक्षा 28 मार्च तक संपन्न हो जाएगी। बोर्ड परीक्षा परिणाम 15 मई तक जारी करेगा। बोर्ड चेयरमैन डाॅ. पवन कुमार का कहना है कि बोर्ड ने निर्णय ले लिया है की परीक्षा परिणाम जल्द जारी हो, इसके लिए मार्किंग सेंटर भी बना दिए है। दो अप्रैल से बोर्ड की मार्किंग शुरू होगी।
उन्होंने बताया कि शिक्षा बोर्ड अब यह भी निर्णय लेगा की हर वर्ष रिजल्ट का कैलेंडर जारी कर दिया जाए, ताकि परीक्षार्थियों को परेशान ना होना पड़े। बोर्ड चेयरमैन के अनुसार बोर्ड ने अधिसूचना जारी कर दी है कि जो परीक्षा किसी कारण के रद्द हुई है वो भी 29 मार्च को जिला स्तर के परीक्षा केंद्रों पर करवा ली जाए।